नई दिल्ली,
दिल्ली के अलीपुर में कैमिकल फैक्ट्री में आग मामले में दिल्ली पुलिस ने लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक अशोक जैन के बेटे अखिल जैन (37) को गिरफ्तार किया. अशोक जैन की हादसे में मौत हो चुकी है. मृतक अशोक जैन ने इस फैक्ट्री की जमीन को राजरानी (57) नाम की महिला से किराए पर लिया था. पुलिस ने जमीन मालिक राजरानी को भी गिरफ्तार किया गया. इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो चुकी है.
बता दें कि अलीपुर मार्केट में एक कैमिकल फैक्ट्री में गुरुवार शाम भीषण आग लग गई थी. बेहद संकरे इलाके में स्थित इस इस फैक्ट्री में हादसे के वक्त मजदूर काम कर रहे थे, जो आग लगने के बाद बाहर नहीं निकल पाए. आसपास की दुकानें और कुछ घर भी आग की चपेट में आ गए थे. फैक्ट्री का संचालन सोनीपत के रहने वाले अखिल जैन पुत्र अशोक जैन द्वारा किया जा रहा था.
फैक्ट्री में हुए अग्निकांड में 11 लोगों की झुलसकर मौत हो गई थी, जबकि 4 लोग घायल हैं. इस मामले में सीएम केजरीवाल ने जांच कर सख्त एक्शन लेने के आदेश दिए हैं. साथ ही मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया था.
