नई दिल्ली,
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में हुई गड़बड़ी के मामले में सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया. कोर्ट ने पुराने नतीजों को खारिज करते हुए आम आदमी पार्टी उम्मीदवार कुलदीप कुमार को विजयी घोषित कर दिया. सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा अमान्य घोषित किए गए सभी 8 वोटों को मान्य करार देने के निर्देश दिए. इन सभी वोटों के बैलेट पेपर पर रिटर्निंग ऑफिसर ने क्रॉस लगाया था.
मामले की सुनवाई करते हुए CJI ने कहा कि सभी 8 वोट याचिकाकर्ता उम्मीदवार कुलदीप कुमार के पक्ष में थे. रिटर्निंग अफसर ने अपने अधिकार से बाहर जाकर काम किया. कल सोमवार को सवाल पूछने से पहले हमने अनिल मसीह को गंभीर नतीजा भुगतने की चेतावनी भी दी थी. रिटर्निंग ऑफिसर ने 8 बैलेट पेपर पर अपना मार्क लगाया. ऑफिसर ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जा कर काम किया. रिटर्निंग ऑफिसर ने अपराध किया है. इसके लिए उसके खिलाफ समुचित कार्रवाई हो.
दरअसल, सीजेआई की बेंच के सामने सोमवार को रिटर्निंग ऑफिसर ने कुबूल किया था कि उन्होंने ही बैलट पेपर पर क्रॉस लगाया था. कोर्ट ने रिटर्निंग अफसर से पूछताछ के बाद चुनाव से संबंधित सारे ऑरिजनल वीडियो रिकॉर्डिंग और दस्तावेज मंगाए थे, जो कोर्ट रूम पहुंचे. रिटर्निंग ऑफिसर का वीडियो और बैलेट पेपर भी कोर्ट रूम में जमा कर दिए गया.
चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की पीठ ने इस मामले पर सुनवाई की. आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद कुलदीप कुमार ने मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में 8 वोट अवैध करार दिए जाने के पीठासीन अधिकारी यानी रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी.
कोर्ट के फैसले के बाद ये बोले कुलदीप कुमार
सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद कुलदीप कुमार ने कहा कि मैं कोर्ट का धन्यवाद देना चाहता हूं. सच को कुछ समय के लिए परेशान किया जा सकता है लेकिन कुचला या दबाया नहीं जा सकता. सच की जीत होती ही है. चंडीगढ़ में सबसे पहले मेरे द्वारा रुके हुए विकास कार्यों को किया जाएगा. सुप्रीम कोर्ट ने लोकतंत्र की हत्या नहीं होने दी है. आने वाले समय पर चंडीगढ़ में हमारा सांसद भी जीतकर आएगा.
वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, कुलदीप कुमार एक गरीब घर का लड़का है. INDIA गठबंधन की ओर से चंडीगढ़ का मेयर बनने पर बहुत बहुत बधाई. ये केवल भारतीय जनतंत्र और माननीय सुप्रीम कोर्ट की वजह से संभव हुआ. हमें किसी भी हालत में अपने जनतंत्र और स्वायत्त संस्थाओं की निष्पक्षता को बचाकर रखना है.
‘लोकतंत्र की हत्या हुई है’
सोमवार की सुनवाई में मेयर चुनाव की प्रक्रिया पर चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने प्रशासन और रिटर्निंग अफसर अनिल मसीह को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा था कि ये लोकतंत्र का मजाक है. इस चुनाव में रिटर्निंग अफसर की हरकत के वीडियो देखकर तो साफ है कि लोकतंत्र की हत्या हुई है. ये रिटर्निंग ऑफिसर क्या कर रहा है? हम नही चाहते कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो. हम ऐसा नहीं होने देंगे.ऐसी स्थिति में सुप्रीम कोर्ट आंखें बंद कर नहीं बैठा रहेगा. सुप्रीम कोर्ट ने ये टिप्पणी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव के दौरान मतदान और मतगणना के समय का वीडियो देखकर की थी.
‘कैमरे की तरफ क्यों देख रहे थे?’
कोर्ट में दिखाई गई वीडियो क्लिप उस समय की थी, जब वोट अयोग्य ठहराए जा रहे थे. सुप्रीम कोर्ट ने इस चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर अनिल मसीह को भी पेश होने का निर्देश दिया था. उसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए. CJI ने पूछा कि रिटर्निंग ऑफिसर कौन होता है और कैसे नियुक्त होता है? उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर से सवाल पूछे कि आप कैमरे की तरफ क्यों देख रहे थे?
‘आठ पेपर पर मार्क लगाए थे’
रिटर्निंग अफसर अनिल मसीह ने कहा- वहां कैमरे की ओर बहुत शोर था, इसलिए मैं वहां देख रहा था. कोर्ट ने पूछा कि आपने कुछ बैलेट पेपर पर X मार्क लगाया या नहीं? मसीह ने कहा- हां, मैंने आठ पेपर पर लगाए थे. लेकिन आम आदमी पार्टी के मेयर प्रत्याशी ने आकर बैलेट पेपर झपट लिए और फाड़कर भागे थे. कोर्ट ने पूछा कि लेकिन आप क्रॉस क्यों लगा रहे थे? किस नियम के तहत आपने ये कार्रवाई की?
मसीह के खिलाफ झूठे बयान का मुकदमा
सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले घोषित किए गए मेयर चुनाव के रिजल्ट को रद्द कर दिया। शीर्ष अदालत ने चुनाव अधिकारी अनिल मसीह के खिलाफ झूठा बयान देने के केस में मुकदमा चलाने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही शीर्ष अदालत ने सीधे तौर पर याचिकाकर्ता कुलदीप कुमार को मेयर घोषित किया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद याचिकाकर्ता कुलदीप कुमार ने इसे इंडिया गठबंधन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भी यहां से इंडिया गठबंधन का उम्मीदवार जीत हासिल करेगा।
चुनाव प्रक्रिया को रद्द करना उचित नहीं होगा क्योंकि मुद्दा केवल तब है जब पीठासीन अधिकारी ने गिनती की। हम निर्देश देते हैं कि पीठासीन अधिकारी द्वारा चुनाव परिणाम को रद्द कर दिया जाए। आप उम्मीदवार को चंडीगढ़ मेयर चुनाव का विजेता घोषित किया जाता है।
सुप्रीम कोर्ट
‘थैंक्यू सुप्रीम कोर्ट’
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का आम आदमी पार्टी ने स्वागत किया है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा किया है। केजरीवाल ने लिखा कि इस मुश्किल समय में लोकतंत्र को बचाने के लिए थैंक्यू सुप्रीम कोर्ट। दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी का दंभ भरने वाली बीजेपी देश की सबसे युवा पार्टी से चुनाव जीतने के क्या-क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि ये लोग कैमरे के सामने ऐसा कर रहे हैं तो जहां कैमरे नहीं है वहां ये लोग क्या करते होंगे।
मनोज सोनकर बने थे विजेता
बीजेपी ने 30 जनवरी को चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कांग्रेस-आप गठबंधन के खिलाफ जीत हासिल की थी। मेयर पद के लिए बीजेपी के मनोज सोनकर ने आम आदमी पार्टी के के कुलदीप कुमार को हराया। चुनाव के दौरान 8 मत खारिज कर दिए गए थे। ऐसे में सोनकर को अपने प्रतिद्वंद्वी के 12 मतों के मुकाबले 16 मत मिले थे।
