बीजिंग
इजरायल गाजा पट्टी को दो भागों में विभाजित करने के लिए एक सड़क का निर्माण कर रहा है। इस बात का खुलासा एक नई सैटेलाइट इमेजरी से हुआ है। इस सड़क का निर्माण खुद इजरायली सेना कर रही है। यह सड़क इजरायली जमीन से होते हुए भूमध्य सागर के तट तक पहुंच भी गई है। इजरायली अधिकारियों ने कहा है कि यह आने वाले महीनों और वर्षों तक क्षेत्र को नियंत्रित करने की सुरक्षा योजना का हिस्सा है। 6 मार्च की एक सैटेलाइट तस्वीर से पता चला है कि पूर्व से पश्चिम तक जाने वाली इस सड़क का निर्माण हफ्तों से किया जा रहा है। यह सड़क सीमा क्षेत्र से लगभग 6.5 किलोमीटर चौड़ी गाजा पट्टी तक फैली हुई है। इस सड़क से उत्तरी गाजा और दक्षिणी गाजा को आसानी से विभाजित किया जा सकता है।
गाजा में सड़क क्यों बना रहा इजरायल
सीएनएन के विश्लेषण से पता चला है कि इसमें लगभग 2 किलोमीटर लंबी एक मौजूदा सड़क शामिल है, जबकि बाकी नई है। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने सीएनएन को बताया कि वे इस मार्ग का उपयोग क्षेत्र में पैर जमाने और सैनिकों तक लॉजिस्टिक सपोर्ट पहुंचाने के लिए कर रहे हैं। मार्ग के पूरा होने के बारे में पूछे जाने पर, आईडीएफ ने कहा कि सड़क युद्ध से पहले मौजूद थी और बख्तरबंद वाहनों के कारण इसे “नुकसान” पहुंचाने के कारण इसे फिर से बनाया जा रहा है। बयान में कहा गया है कि इस सड़क की कोई शुरुआत और अंत नहीं है।
नेतन्याहू की गाजा योजना का है हिस्सा?
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने 23 फरवरी को गाजा के लिए हमास के बाद के भविष्य का जिक्र किया था। इसमें गाजा पट्टी के “पूर्ण विसैन्यीकरण”, और इसकी सुरक्षा, नागरिक प्रशासन और एजुकेशन सिस्टम का ओवरहाल शामिल था। गाजा में रहने वाले फिलिस्तीनियों को डर है कि इजरायल की युद्ध के बाद की सुरक्षा योजनाएं उनकी आवाजाही की स्वतंत्रता को और प्रतिबंधित कर देंगी। गाजा के लोग 2005 से पहले इजरायली कब्जे के दिनों को याद करके परेशान हैं, जब पड़ोसी गांवों के बीच इजरायल ने सैन्य चौकियां बना दी थीं और इजरायली बस्तियों को एक-दूसरे से जोड़ने के लिए विशेष बाईपास सड़कें बनाई गई थीं।
