हैदराबाद
ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की तूफानी बैटिंग से सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घर में लखनऊ सुपरजाइंट्स को 10 विकेट से हरा दिया। आईपीएल के इस सीजन में सनराइजर्स पहली टीम बनी है जिसने बिना कोई विकेट गंवाए मैच जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। मैच में लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ की टीम जैसे-तैसे 165 रन के स्कोर तक पहुंच पाई थी। इसके जवाब में सनराइजर्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 9.4 ओवर में मैच को अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही अब सनराइजर्स के 14 अंक हो गए हैं वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने पहले ही ओवर से लखनऊ के गेंदबाजों की खबर लेनी शुरू कर दी। इस दौरान ट्रेविस हेड ने सिर्फ 16 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। ट्रेविस हेड 30 गेंद में 89 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 छक्के और इतने ही चौके लगाए।
अभिषेक ने भी मचाया कोहराम
सिर्फ ट्रेविस हेड ही नहीं, अभिषेक शर्मा ने भी अपनी तूफानी बैटिंग से कोहराम मचा दिया। अभिषेक शर्मा 28 गेंद में 75 रनों की धुआंधार पारी खेली। अभिषेक ने इस सीजन का अपना दूसरा अर्धशतक भी पूरा किया। अपनी इस नाबाद पारी में उन्होंने 6 छक्के और 8 चौके लगाए। अभिषेक और ट्रेविस हेड की विस्फोटक बल्लेबाजी से सनराइजर्स की टीम ने पहली बार आईपीएल में लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ जीत हासिल करने में सफल रही।
जीत के साथ नंबर-3 पर पहुंची हैदराबाद
62 गेंद बाकी रहते हुए इस मैच को जीतने के साथ ही हैदराबाद टीम का नेट रनरेट प्लस में 0.406 हो गया है. इसी के साथ यह टीम अब चौथे नंबर से तीसरे पायदान पर आ गई है. उसने अब 12 मुकाबलों में से 7 में जीत दर्ज की है. दूसरी ओर लखनऊ ने 12 में से 6 मैच ही जीते हैं. वो अभी छठे नंबर पर बरकरार है.
बदोनी और पूरन ने खेली दमदार पारी
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए एक समय लखनऊ टीम ने 66 रनों पर 4 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद आयुष बदोनी और निकोलस पूरन ने टीम को संभाला और लाज बचाई. बदोनी ने 30 गेंदों पर 55 रनों की दमदार नाबाद पारी खेली. जबकि पूरन ने 26 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए.
बदोनी और पूरन के बीच 5वें विकेट के लिए 52 गेंदों पर 99 रनों की नाबाद पार्टनरशिप हुई. इसके बदौलत लखनऊ टीम ने 4 विकेट गंवाकर 165 रन बनाए. दूसरी ओर हैदराबाद टीम के लिए तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 2 और कप्तान पैट कमिंस ने 1 विकेट लिया.
