नई दिल्ली
देशभर में लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान पूरा हो चुका है। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच लाखों लोगों ने अपना वोट दिया। शनिवार को छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर वोटिंग हुई। शाम पौने 8 बजे तक के आकलन के अनुसार छठे चरण में 59.6 प्रतिशत मतदान हुआ। आज दिल्ली की सातों सीटों पर भी वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा मतदान पश्चिम बंगाल में हुआ वहीं सबसे कम वोटिंग जम्मू और कश्मीर में हुई। हालांकि पिछले चुनावों की तुलना में जम्मू-कश्मीर में वोटिंग प्रतिशत में काफी इजाफा हुआ है।
कहां कितना हुआ मतदान?
बिहार- 53.30
हरियाणा- 58.37
जम्मू-कश्मीर- 52.28
झारखंड- 62.74
दिल्ली- 54.48
ओडिशा- 60.07
उत्तर प्रदेश- 54.03
पश्चिम बंगाल- 78.19
जम्मू-कश्मीर में रेकॉर्ड मतदान
जम्मू-कश्मीर की 5 लोकसभा सीटों पर कुल मतदान प्रतिशत 58 रहा। 35 वर्षों में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया। वर्ष 2014 में दर्ज किए गए मतदान के पिछले उच्चतम आंकड़े से 9 प्रतिशत अधिक है। अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र में 53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
कई बड़े नेताओं ने किया मतदान
आज छठे चरण में दिल्ली की सभी सीटों पर मतदान हुआ। दिल्ली में कई बड़े नेता वोट देने पहुंचे। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, विदेश मंत्री एस, जयशंकर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाएं
पश्चिम बंगाल के आठ लोकसभा क्षेत्रों में कुछ इलाकों से हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं। 2019 के लोकसभा चुनाव में आठ सीटों में से भाजपा ने पांच और टीएमसी ने तीन सीटें जीती थीं।
दिल्ली में बीजेपी और इंडिया ब्लॉक के बीच सीधा मुकाबला
दिल्ली में सभी सातों सीटों पर बीजेपी और इंडिया ब्लॉक के बीच सीधा मुकाबला रहा. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन के तहत चुनावी रण में हैं. ऐसा पहली बार हुआ है जब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने बीजेपी के खिलाफ संयुक्त उम्मीदवार उतारे. AAP जहां चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं कांग्रेस ने बाकी तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे. भाजपा ने 2019 में सभी सात सीटों पर बड़े अंतर से जीत हासिल की थी और इस बार अपने जीते हुए 6 सांसदों के टिकट काटकर नए चेहरों पर भरोसा जताया.
हरियाणा में इनके बीच चुनावी जंग
हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों अंबाला, कुरुक्षेत्र, हिसार, करनाल, सिरसा, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुड़गांव और फरीदाबाद पर शनिवार को मतदान हुआ. भाजपा ने करनाल सीट से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को कांग्रेस के दिव्यांशु बुद्धिराजा के खिलाफ उम्उमीदवार बनाया.
कांग्रेस ने भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने की उम्मीद में तीन बार के सांसद राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ गुरुग्राम से राज बब्बर को मैदान में उतारा. कांग्रेस ने रोहतक लोकसभा सीट से भूपिंदर सिंह हुडा के बेटे दीपेंद्र सिंह हुडा को बीजेपी के अरविंद कुमार शर्मा के खिलाफ टिकट दिया. भाजपा ने नवीन जिंदल को कुरूक्षेत्र से प्रत्याशी बनाया, जहां उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी (AAP) के सुशील गुप्ता और इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) के अभय सिंह चौटाला से है.
