9.6 C
London
Monday, May 11, 2026
Homeराज्य3 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल से भड़की आग, गेम जोन के पास नहीं...

3 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल से भड़की आग, गेम जोन के पास नहीं था फायर डिपार्टमेंट का NOC… राजकोट अग्निकांड में बड़े खुलासे

Published on

नई दिल्ली,

गुजरात के राजकोट में टीआरपी (TRP) गेम जोन में भीषण आग लगने से 24 लोगों की मौत हो गई है. इसमें 9 बच्चे भी शामिल हैं. वहीं, गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने 24 मौत की पुष्टि की है. 24 मृतकों मे 9 बच्चे भी शामिल हैं. आग कैसे लगी इसकी कोई जानकारी नहीं है. वहीं इस अग्निकांड पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, पीएम मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत सभी राजनीतिक हस्तियों ने दुख जाहिर किया है.

राज्य सरकार ने दिया मुआवजा
इसके साथ ही राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देगी. इस संबंध में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर पूरे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है.अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे गेमिंग एक्टिविटी के लिए बनाए गए फाइबर डोम में आग लग गई थी. इसके बाद से खबर लिखे जाने तक टीआरपी गेम जोन में पांच घंटे बाद भी राहत और बचाव अभियान जारी था.

मालिक, मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार
राजकोट गेम जोन के संचालक, मालिक समेत 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वरिष्ठ IPS अधिकारी सुभाष त्रिवेदी की अगुवाई में 5 अधिकारियों की SIT जांच करेगी. सामने आया है कि इस गेमिंग जोन का मालिक युवराज सिंह सोलंकी है और नितिन जैन मैनेजर है. इन दोनों के अलावा पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.

मामले की जांच के लिए SIT गठित
गेम जोन अग्निकांड मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने SIT जांच के आदेश दिए हैं. इसके लिए 5 अफसरों की SIT टीम गठित की गई है. वरिष्ठ IPS अधिकारी सुभाष त्रिवेदी की अगुवाई में 5 अधिकारियों की टीम मामले की SIT जांच करेगी. मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने X पर पोस्ट में कहा कि, राजकोट में गेम जोन में आग लगने की घटना में शहर प्रशासन को तत्काल बचाव और राहत कार्य करने का निर्देश दिया गया है.

भीषण आग के कारण ढह गया स्ट्रक्चर, दबे लोग निकल नहीं पाए
अधिकारियों के मुताबिक भीषण आग के कारण ढांचा ढह गया और उसमें लोग दब गए. इसके कारण यह अग्निकांड और भयावह हो गया. ढांचे में दबे लोग निकल नहीं सके और उसमें से कई लोगों की जान चली गई. मरने वालों में 9 बच्चे भी शामिल हैं. जब आग लगी तब बच्चों सहित कई लोग खेल खेल रहे थे.

गेमिंग जोन को नहीं मिला था NOC
राजकोट गेम जोन दुर्घटना मामले में कलेक्टर ने कहा कि आग इलेक्ट्रिक कारणों से लगी थी. हालांकि मुख्य वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है. इस गेमिंग जोन को फायर विभाग की ओर से NOC नहीं मिला था. इसके बारे में ज्यादा जानकारी फिर विभाग की ओर से ही मिल पाएगी.

बच्चे बोले- स्टाफ ने अचानक आकर बाहर निकाला
शनिवार शाम को जब यह हादसा हुआ तब गेम जोन में खेल रहे हैं बच्चों में से जो बाहर निकल गए उन्होंने कहा कि अचानक वहां के स्टाफ ने हमें आकर कहा कि आग लगी है, आप बाहर निकलें, जिसके बाद वहां से सभी लोग दौड़ कर बाहर आए पर कुछ लोग बाहर नहीं निकल पाए. पहली मंजिल से बाहर निकलने का एक ही रास्ता था.

2000 लीटर डीजल, 1500 लीटर पेट्रोल था स्टोर, 99 रुपये की स्कीम की वजह से जुटे थे ज्यादा लोग
टीआरपी गेम जोन में 1500 से 2000 लीटर डीजल जनरेटर के लिए, गो कार रेसिंग के लिए 1000 से 1500 लीटर पेट्रोल जमा था. जिसकी वज़ह से आग इतनी फैली और पूरा स्ट्रक्चर जल कर खाक हो गया. गेम जोन से बाहर निकलने और प्रवेश के लिए 6 से 7 फीट का एक ही रास्ता था. आज एंट्री के लिए 99 रुपये की स्कीम थी जिसकी वज़ह से बड़ी संख्या में लोग हादसे के वक्त गेम जोन में मौजूद थे.

शाम 4ः30 बजे मिली आग लगने की जानकारी
राजकोट के कलेक्टर प्रभाव जोशी ने कहा, ‘फायर कंट्रोल रूम को गेम जोन में आग लगने के बारे में शाम करीब 4:30 बजे एक कॉल मिली. फायर टेंडर और एम्बुलेंस आग की लपटों को बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे. आग के कारण संरचना ढह गई थी जिसके मलबे को हटाया जा रहा है. जब यह हादसा हुआ तब गर्मी की छुट्टियों और सप्ताहांत के कारण बच्चों सहित कई लोग खेल खेल रहे थे और मौके पर मौजूद थे.’

सभी गेमिंग जोन को बंद करने का आदेश
आग लगने के बाद, राजकोट के पुलिस आयुक्त राजू भार्गव ने मीडियाकर्मियों को बताया कि आग लगने के कारण की जांच की जाएगी और शहर के सभी गेमिंग क्षेत्रों को परिचालन बंद करने के लिए एक संदेश जारी किया गया है. मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने X पर पोस्ट में कहा कि, राजकोट में गेम जोन में आग लगने की घटना में शहर प्रशासन को तत्काल बचाव और राहत कार्य करने का निर्देश दिया गया है. घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है.’

पीएम मोदी ने सीएम से राहत कार्य की ली जानकारी
पीएम मोदी ने राजकोट अग्निकांड को लेकर गुजरात सीएम से बात की है और उन्होंने उनसे राहत कार्यों के बारे में जानकारी ली है. पीएम मोदी ने X पर कहा कि, ‘राजकोट में आग की त्रासदी ने हम सभी को दुखी किया है. थोड़ी देर पहले उनके साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत में, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्रभाई पटेल जी ने मुझे प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए चल रहे प्रयासों के बारे में बताया.’

गृहमंत्री अमित शाह ने भी सीएम से की बात
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी सीएम भूपेंद्र पटेल से बात की है. राजकोट (गुजरात) के गेम जोन में हुए हादसे से मन अत्यंत दुःखी है. इस हादसे के संबंध में मैंने मुख्यमंत्री से बात कर जानकारी ली है. प्रशासन राहत व बचाव कार्य के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और घायलों को इलाज प्रदान करवा रहा है. इस दुःखद हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.

‘पुलिस महानिदेशक ने जारी किए ये निर्देश’
वहीं, राजकोट अग्निकांड के बाद राज्य के पुलिस महानिदेशक ने पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को राज्य के सभी गेम जोन का निरीक्षण करने और अग्नि सुरक्षा अनुमति के बिना चल रहे गेम जोन को बंद करने का निर्देश दिया है.पुलिस महानिदेशक ने नगर पालिकाओं एवं नगर पालिकाओं के अग्निशमन अधिकारियों एवं स्थानीय व्यवस्था के समन्वय से इस प्रक्रिया को अंजाम देने को कहा है. ये निर्देश राजकोट शहर में गेम जोन में आग लगने की घटना के मद्देनजर जारी किए गए हैं.

‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजकोट अग्निकांड को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की है. उन्होंने लिखा, गुजरात के राजकोट में एक गेमिंग जोन में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मौत के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है. मेरी संवेदना उन परिवारों के प्रति है, जिन्होंने छोटे बच्चों सहित अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं ईश्वर से बचाए गए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.

‘PM मोदी ने राजकोट अग्निकांड को लेकर की पोस्ट’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राजकोट गेमिंग जोन में लगी आग को लेकर X प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की है. उन्होंने लिखा, राजकोट में आग लगने की घटना से बेहद व्यथित हूं. मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. घायलों के लिए प्रार्थना. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है.

‘कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही पीड़ादायक’ : राहुल गांधी 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजकोट अग्निकांड को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की है. उन्होंने लिखा, राजकोट, गुजरात में एक मॉल के गेमिंग जोन में लगी भयंकर आग से मासूम बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही पीड़ादायक है. सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं.

‘कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी का अनुरोध’
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वो राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की हर संभव सहायता करें. गुजरात सरकार एवं प्रशासन से अपेक्षा है कि वो इस घटना की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कर सभी शोकसंतप्त परिवारों को शीघ्र न्याय दिलवाएं.

राजकोट अग्निकांड पर गुजरात के मुख्यमंत्री का X
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मामले को लेकर एक और पोस्ट की है. उन्होंने कहा, राजकोट में आग की त्रासदी दिल दहला देने वाली है. मैं इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.

मृतकों के परिवारों को 4 लाख और घायलों को 50 हजार का मुआवजा
राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देगी. यह सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है कि ऐसी घटना दोबारा न हो. इसमें कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस संबंध में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर पूरे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है.

TRP गेम जोन से 20 शव बरामद
राजकोट के पुलिस आयुक्त राजू भार्गव ने कहा, दोपहर में टीआरपी गेमिंग जोन में आग लग गई. बचाव कार्य जारी है. आग नियंत्रण में है. अब तक 20 शव बरामद किए गए हैं और उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है.

‘गेमिंग जोन मालिक के खिलाफ दर्ज होगी FIR’
हम यथासंभव अधिक से अधिक शव निकालने की कोशिश कर रहे हैं. गेमिंग जोन का ओनरशिप युवराज सिंह सोलंकी नामक शख्स के पास है. जो मौतें हुई हैं, इसको लेकर लापरवाही के लिए मामला दर्ज करेंगे. आगे की जांच तब होगी, जब हम यहां बचाव अभियान पूरा कर लेंगे.

‘मुख्यमंत्री का X अकाउंट पर पोस्ट’
मामले को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा है कि राजकोट में गेम जोन में लगी आग की घटना में नगर निगम और प्रशासन को तत्काल बचाव और राहत कार्य के निर्देश दिए गए हैं. घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था को प्राथमिकता देने का भी निर्देश दिए हैं.

वहीं, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आईवी खेर ने बताया कि आग टीआरपी गेम जोन में लगी है. घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौजूद है. आग पर काबू पाया जा रहा है. हमें कोई संदेश नहीं था कि अंदर कितने आदमी थे. बचाव कार्य जारी है. जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा.

Latest articles

शुभेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड में बंगाल पुलिस ने बलिया के राज सिंह को किया गिरफ्तार, चुनाव लड़ चुका है आरोपी

बलिया। बलिया का नाम पश्चिम बंगाल के चर्चित शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए)...

मप्र में कहीं आंधी-बारिश तो कहीं पारा 45 डिग्री पार, लू का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम पूरी तरह दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा...

PM मोदी बोले- पेट्रोल-डीजल का कम करें उपयोग, भारत में तेल के कुएं नहीं

आज वर्क फ्रॉम होम की जरूरत, एक साल तक सोना न खरीदें बेंगलुरु/हैदराबाद। पीएम नरेंद्र...

More like this

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने विजय, 200 यूनिट फ्री बिजली का पहला ऑर्डर

चेन्नई। टीवीके चीफ सी जोसेफ विजय यानी थलापति विजय आज तमिलनाडु के सीएम पद...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संकल्प और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से बदल रही है चिरमिरी की तस्वीर

रायपुर। चिरमिरी के एसईसीएल क्षेत्र में रहने वाले लोग पीढ़ियों से कोयले की खदानों...

मुख्यमंत्री की ‘गांव चलो’ मुहिम: जाजोद की गलियों में सुबह-सुबह पहुंचे भजनलाल शर्मा, बच्चों को बांटी चॉकलेट

राजस्थान। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'गांव चली सरकार' अभियान के तहत शुक्रवार...