17 C
London
Friday, April 17, 2026
Homeराजनीतिमोदी कल तीसरी बार लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ, कैबिनेट में इन...

मोदी कल तीसरी बार लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ, कैबिनेट में इन नए चेहरों को मिल सकती है जगह

Published on

नई दिल्ली,

मोदी सरकार 3.0 शपथ ग्रहण के लिए तैयार है. कल यानी रविवार को नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेंगे. हालांकि मोदी सरकार 3.0 का स्वरूप पिछली दो सरकारों की तुलना में बदला हुआ है क्योंकि केंद्र में अब गठबंधन सरकार का दौर लौट आया है. दिल्ली में शपथ ग्रहण की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. रविवार को राजधानी में वीवीआईपी मूवमेंट की वजह से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुबह और शाम के लिए अलग-अलग ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. इस दौरान कई रास्तों पर डायवर्जन रहेगा और कई मार्गों पर आवागमन बंद रहेगा.

नेहरू की बराबरी करेंगे मोदी
मनोनीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने जा रहे हैं. इसी के साथ वह अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद गठबंधन सरकार के प्रमुख के रूप में पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की बराबरी कर लेंगे. पिछली दो बार 2014 और 2019 में बीजेपी को अपने दम पर बहुमत प्राप्त हुआ था लेकिन इस बार उसे सरकार बनाने के लिए अन्य दलों के समर्थन की जरूरत है.

बीजेपी के पास आ सकते हैं ये मंत्रालय
नई सरकार में एनडीए के विभिन्न घटकों की हिस्सेदारी को लेकर भाजपा नेतृत्व और उसके सहयोगियों के बीच गहन बातचीत चल रही है. भाजपा के वरिष्ठ नेता जैसे अमित शाह और राजनाथ सिंह के अलावा पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा तेलुगू देशम पार्टी के एन चंद्रबाबू नायडू, जेडीयू के नीतीश कुमार और शिवसेना के एकनाथ शिंदे सहित अन्य सहयोगियों के साथ बातचीत कर रहे हैं.

ऐसा माना जा रहा है कि शिक्षा और संस्कृति के अलावा गृह, वित्त, रक्षा और विदेश जैसे अहम मंत्रालय भाजपा के पास रहेंगे, जबकि उसके सहयोगियों को पांच से आठ कैबिनेट बर्थ मिल सकते हैं. पार्टी के भीतर जहां अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे नेताओं को नए मंत्रिमंडल में शामिल होना तय माना जा रहा है, वहीं लोकसभा चुनाव जीतने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जैसे शिवराज सिंह चौहान, बसवराज बोम्मई, मनोहर लाल खट्टर और सर्बानंद सोनोवाल सरकार में शामिल होने के प्रबल दावेदार हैं.

जेडीयू कोटे से भी बन सकता है मंत्री
टीडीपी के राम मोहन नायडू, जेडी (यू) के ललन सिंह, संजय झा और राम नाथ ठाकुर, और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान उन सहयोगियों में से हैं जो नई सरकार का हिस्सा हो सकते हैं. सूत्रों का कहना है कि ललन सिंह या संजय झा में से किसी एक को जेडीयू कोटे से समायोजित किया जाएगा.

महाराष्ट्र, जहां भाजपा-शिवसेना-एनसीपी गठबंधन ने खराब प्रदर्शन किया है, और बिहार, जहां विपक्ष ने पुनरुत्थान के संकेत दिए हैं, सरकार गठन की कवायद के दौरान फोकस में हो सकते हैं. महाराष्ट्र में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि बिहार में अगले साल चुनाव होंगे.

बीजेपी संगठन के भीतर भी बदलाव हो सकते हैं. लोकसभा चुनावों के कारण बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ाया गया था. संगठनात्मक अनिवार्यताओं पर पार्टी महत्वपूर्ण रूप से विचार करेगी क्योंकि चुनाव के नतीजों ने संकेत दिया है कि इस बड़ी मशीनरी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है.

कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं जेपी नड्डा
सूत्रों ने कहा कि इससे पार्टी में कुछ अनुभवी लोगों को भेजे जाने और नड्डा को सरकार में जगह दिए जाने की संभावना खुल गई है. नेहरू इकलौते ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो आज़ादी के बाद लगातार तीन चुनावों में पीएम पद पर रहे हैं.

लोकसभा चुनावों के अपने प्रदर्शन में गिरावट के बाद बीजेपी निरंतरता का संदेश देने और राजनीतिक कमजोरी की किसी भी धारणा को दूर करने के लिए उत्सुक है क्योंकि उसकी सीटों की संख्या 303 से गिरकर 240 हो गई है, जो बहुमत के आंकड़े 272 से काफी कम है. सरकार ने घोषणा की है कि बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, भूटान, मालदीव और मॉरीशस सहित कई पड़ोसी देशों के नेता रविवार शाम 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.

 

Latest articles

भोपाल में शिक्षक भर्ती को अभ्यर्थियों ने किया बवाल, पुलिस से झड़प, कई अभ्यर्थी घायल

भोपाल। भोपाल में शिक्षक भर्ती को लेकर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के...

मध्य प्रदेश में सूरज के तेवर गए तीखे, पारा 43 डिग्री तक पहुंचा

भोपाल। मध्य प्रदेश में अब गर्मी ने पूरी तरह अपना असर दिखाना शुरू कर...

बटाला को ₹176 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, सीएम मान ने की नए बस स्टैंड की घोषणा

सुखबीर बादल पर परिवार को बचाने के आरोप लगाए गुरदासपुर। पंजाब में गुरदासपुर के बटाला...

ट्रम्प बोले- इजराइल और लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर राजी, आज रात 2:30 बजे से लागू होगा

दोनों देशों से बात कर सहमति बनाई तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा...

More like this

एक जिला एक उत्पाद’ नीति से राजस्थान के स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने...

1 अप्रैल से भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदना होगा महंगा, 740 लोकेशन पर बढ़ेगी कलेक्टर गाइड लाइन

भोपाल राजधानी भोपाल में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। जिले की कुल...

इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी को बचाने के लिए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन: पट्टा धारियों के घर तोड़ने की कार्रवाई का विरोध

भोपाल राजधानी के वार्ड 66 स्थित इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी के निवासियों के आशियानों पर मंडरा...