जम्मू,
जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में तीर्थयात्रियों की बस पर आतंकी हमला हुआ है। आतंकी हमले के बाद बस पलट और गहरी खाई में जा गिरी। रियासी की एसएसपी मोहिता शर्मा के मुताबिक, इस आतंकी हमले में 10 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 33 तीर्थयात्री घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस शिव खोड़ी मंदिर के पास रानसू से जम्मू के कटरा शहर जा रही थी। जम्मू-कश्मीर के नंबर वाली इस बस में कई तीर्थयात्री सवार थे। मौके पर पुलिस और सुरक्षाबलों की टीमें पहुंच गई हैं।
रियासी की एसएसपी मोहिता शर्मा ने बताया, ‘शुरुआती रिपोर्टों से पता चला है कि आतंकवादियों ने शिव खोड़ी से कटरा जा रही तीर्थयात्रियों की बस पर गोलीबारी की। गोलीबारी के कारण बस ड्राइवर ने बस का संतुलन खो दिया और बस खाई में गिर गई। घटना में 33 लोग घायल हुए हैं। बचाव अभियान पूरा हो गया है। यात्रियों की पहचान अभी तक नहीं हुई है, लेकिन ये यात्री स्थानीय नहीं हैं। शिव खोड़ी तीर्थस्थल को सुरक्षा के घेरे में ले लिया गया है। साथ ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है।’
दो नकाबपोश आतंकियों ने किया हमला
अभी तक की रिपोर्टों के मुताबिक, चेहरे पर नकाब लगाए दो आतंकवादियों ने कंडा चंडी मोड़ के पास बस ड्राइवर पर गोली चलाई। इसके बाद बस नियंत्रण खोकर खाई में जा गिरी। यह इलाका रियासी और राजौरी जिले के बॉर्डर पर पड़ता है और पहले भी यहां आतंकवादियों के छिपे होने की खबरें आती रही हैं। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बल बचाव अभियान में जुटे हैं।
हादसे का वीडियो सामने आया है और उसमें दिख रहा है कि बस सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। जैसे ही बस घाटी में गिरी, यात्री बाहर छिटक गए और चट्टानों से टकरा गए। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं।
यूपी से भी जा रही बस खाई में जा गिरी थी
कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के हाथरस से आ रही एक बस के अखनूर में गहरी खाई में गिरने से नौ महिलाओं और दो बच्चों समेत 22 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 57 घायल हो गए थे। वहीं, पिछले साल नवंबर में डोडा जिले में एक बस के पहाड़ से 300 फीट नीचे गिरकर दूसरी सड़क पर गिर जाने से 39 यात्रियों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ड्राइवर समेत 56 यात्रियों को लेकर निजी बस 16 नवंबर को सुबह 8:20 बजे जम्मू के लिए पांच घंटे की यात्रा के लिए किश्तवाड़ से रवाना हुई। हालांकि, सुबह 11:50 बजे डोडा के असर इलाके में ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया। यह दुर्घटना अनंतनाग जिले के खानबल को रामबन के बटोटे से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 244 पर अस्सार के ट्रुंगल में हुई।
