श्रीनगर
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बड़ी आंतकी घटना सामने आई है। आतंकवादियों ने एक पुलिस चौकी को घेर कर फायरिंग की है। आतंकियों की फायरिंग के बाद सुरक्षाबल जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में कठुआ के बाद यह सातवां बड़ा अटैक है। मौके पर दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है। आतंकवादियों ने उधमपुर के बसंतगढ़ स्थित संग पुलिस चौकी पर रात 8 बजे तक हमला किया। दो दिन पहले मंगलवार को इस इलाके में घात लगाकर हमला किया गया था, जिसमें पांच जवान शहीद हो गए थे।
जानकारी के अनुसार बसंतगढ़ के संग पुलिस चौकी पर हमला तीन आतंकवादियों ने बोला था। बसंतगढ़ कठुआ जिले की सीमा पर है, जहां सोमवार को सेना के काफिले पर घात लगाकर हमला किया गया था। हमले में पांच जवान शहीद हो गए और पांच अन्य घायल हो गए, जिसके बाद घने जंगलों में भारी बारिश के बीच सेना और पुलिस ने इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया।
समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि कठुआ, उधमपुर और भद्रवाह से शुरू किए गए इस अभियान में 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे घात लगाकर किए गए हमले के संबंध में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जंगलों में छिपे आतंकवादियों को पकड़ने और उन्हें मारने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उधमपुर, सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों के घने जंगलों में और अधिक सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है और आज सुबह कई इलाकों में फिर से तलाशी अभियान चलाया गया। 28 अप्रैल को बसंतगढ़ में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में गांव के रक्षा रक्षक मोहम्मद शरीफ की मौत हो गई थी।
