नई दिल्ली,
पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के लिए आज का दिन काफी खास है. दरअसल, आज टोक्यो ओलंपिक के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा का इवेंट है और पूरे भारत को आस है कि आज भारत की झोली में एक और मेडल आ सकता है. जेवलिन थ्रो का ये इवेंट इसलिए भी खास है कि क्योंकि इस मैच में नीरज चोपड़ा के साथ पाकिस्तानी थ्रोअर अरशद नदीम भी है.
अरशद ने भी क्वालीफाई कर लिया है और पाकिस्तान के लोग अरशद से मेडल की आस में है. अरशद जेवलिन के अच्छे एथलीट माने जाते हैं और पहले भी कई टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन दिखा चुके हैं. ऐसे में पाकिस्तान के लोगों को भी उम्मीद है.
अरशद, नीरज चोपड़ा के मैच से पहले पाकिस्तान में भी अरशद नदीम ट्रेंड कर रहे हैं और लोग उन्हें चीयर कर रहे हैं. साथ ही लोग प्रार्थना कर रहे हैं कि इस बार अरशद को कोई मेडल मिल जाए. अरशद के लिए दुआओं के साथ कुछ ट्वीट ऐसे भी हैं, जो थोड़े फनी हैं. ऐसे में देखते हैं पाकिस्तान यूजर्स अपने एथलीट को किस तरह चीयर कर रहे हैं…
एक यूजर ने अरशद के भाला फेंकने की ताकत और स्पीड को देखते हुए कहा है, अरशद नदीम मुझे उठाकर अमेरिका फेंक दो.
इसके अलावा एक यूजर ने लिखा है, ‘मैं पाकिस्तान की सरकार से अनुरोध करता हूं कि प्लीज बिजली के बिल में 100 रुपये का एक और टैक्स लगा दीजिए और ये सारा पैसा अरशद नदीम को इनाम के रुप में जाना चाहिए. इस पर एक यूजर ने रिप्लाई करते हुए लिखा है- अगर सरकार वो टैक्स लगा भी दे तो वो पैसा अरशद को नहीं मिलेगा.
वहीं, ओलंपिक की मेडल लिस्ट से काफी दूर रहने वाले पाकिस्तान के एक यूजर ने बेबस अंदाज में लिखा है- ‘अरशद नदीम भाई प्लीज मेडल ले आओ अभी तो ब्रॉन्ज भी चलेगा.’ ऐसे ही एक यूजर ने लिखा है कि पाकिस्तान हर जगह, हर खेल, हर चीज में हार रहा है, बस आप हमें गौरव महसूस करवा सकते हैं.
एक यूजर ने लिखा- ’32 साल बाद एक उम्मीद है. एक देश जो जेवलिन के नियम भी नहीं जानता है, लेकिन आपको देखने के लिए सभी लोग साथ बैठेंगे और आपके साथ पूरा देश है और हमें गौरवांवित कर दीजिए.
बता दें कि पाकिस्तान के लोग इस वजह से अरशद पर ज्यादा निगाहें लगाए हुए हैं, क्योंकि पाकिस्तान ने ओलंपिक्स 2024 में अपने 7 एथलीट भेजे थे, जिनमें से 6 फाइनल तक पहुंचने में नाकाम रहे. अरशद नदीम ही पाकिस्तान की आखिरी उम्मीद है. वैसे नदीम 2020 टोक्यो ओलंपिक गेम्स में पांचवें स्थान पर रहे थे.साथ ही उन्होंने पिछले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था.
