30.5 C
London
Tuesday, June 23, 2026
Homeराजनीतिसड़क,संसद और आगे की राह... किस नई रणनीति पर काम कर रहे...

सड़क,संसद और आगे की राह… किस नई रणनीति पर काम कर रहे हैं राहुल गांधी?

Published on

नई दिल्ली

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आम जनों की आवाजों को बखूबी संसद तक पहुंचा रहे हैं। हालांकि बतौर जनप्रतिनिधि यह कोई नई बात नहीं है कि आप आम लोगों की आवाज संसद तक पहुंचाए। लेकिन नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी न सिर्फ आम लोगों की आवाज संसद तक पहुंचाने की मुहिम में जुटे हुए हैं, बल्कि वह समाज के ऐसे तबकों तक को संसद तक पहुंचा रहे हैं, जिनके लिए न सिर्फ दिल्ली, बल्कि संसद भी बहुत दूर की चीज थी। इनमें किसानों से लेकर मछुआरे तक शामिल हैं। हालांकि राहुल का आम लोगों से संवाद भी कोई नई बात नहीं है। सांसद बनने के बाद से ही वह लगातार समाज के अलग-अलग तबकों से संपर्क करते रहे हैं, लेकिन इसमें एक बदलाव तब आया, जब वह भारत जोड़ो यात्रा जैसा एक बड़ा जन संपर्क अभियान का हिस्सा बने तो वहीं दूसरा बदलाव नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद आया है।

जनसंसद की अपनाई रणनीति
18वीं लोकसभा के अब तक आयोजित दो सत्रों में राहुल गांधी ने संसद में उन लोगों से मुलाकात की, जो आमतौर पर संसद नहीं आ पाते थे। उन्होंने न सिर्फ उन्हें संसद भवन बुलाया, बल्कि उनके लिए संसद के दरवाजे भी खुलवाए। इन दो सत्रों में राहुल गांधी ने किसानों, मछुआरों, स्टूडेंट्स, वकीलों, सफाई कर्मचारियों, लोको पायलट, सर्व सेवा संघ, फूड सिक्योरिटी कानून के लिए काम करने वाले प्रतिनिधि तक शामिल हैं। इनके अलावा, ओलिंपिक मेडल विजेता से मुलाकात हो या मीडिया पर लगी रोक को उठाने का मुद्दा, राहुल लगातार समाज के अलग-अलग तबकके तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। गौरतलब है कि संसद सत्र के दौरान राहुल गांधी ने रणनीति बनाई है कि वह अलग-अलग तबकों से अपने संसद परिसर में बने ऑफिस में मिलेंगे।

किसानों को रोका तो संसद में उठाया मुद्दा
गौरतलब है कि जब किसानों का एक जत्था उनसे मिलने आया, तो संसद भवन में उनके प्रवेश को रोका गया। राहुल ने तुरंत इस मुद्दे को मीडिया में उठाया कि किसानों को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर उन्हें भीतर नहीं आने दिया जाएगा तो वह खुद उनसे मिलने वहां जाएंगे। इतना ही नहीं, वह उनसे मिलने आनन-फानन में संसद के बाहर दरवाजे तक जाने को तैयार हो गए। हालांकि बाद में किसानों को संसद के भीतर आने की अनुमति दे दी गई। दरअसल, किसान मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार मोदी सरकार को घेर रहा है। एमएसपी का कानूनी गांरटी की अपनी मांग को लेकर किसान आज तक शंभु बॉर्डर पर धरने पर बैठे हुए हैं। राहुल संसद से लेकर सड़क तक लगातार कह रहे हैं कि किसानों को एमएसपी की कानूनी गांरटी दी जाए। वहीं उन्होंने यहां तक कहा कि सत्ता में आने के बाद वह एमएसपी काे कानूनी जामा पहनाएंगे। कुछ ऐसा ही मामला मछुआरों को लेकर भी हुआ। जब मुछआरों की एंट्री रोकी गई तो राहुल उनके मिलने रिसेप्शन तक जा पहुंचे और उन्होंने संसद के रिसेप्शन हॉल में ही अपनी जनसंसद लगा ली। जिस दिन मछुआरों का जत्था संसद पहुंचा, उस दौरान संसद के दोनों सदनों में विपक्षी सांसदों ने प्रमुखता से इस मुद्दे को उठाया था।

रोचक है कि जब लोकोपायलट का डेलिगेशन मिलने पहुंचा तो राहुल न सिर्फ उनसे मिले और उनके मुद्दे जाने, बल्कि उस डेलिगेशन के साथ बाकायदा रेलवे मंत्री से मिलने गए। गौरतलब है कि राहुल की लोकोपायलट से हुई पहली मुलाकात को लेकर कई तरह के आरोप व विवाद सामने आए थे। जिसके बाद राहुल गांधी ने बाकायदा लोकोपायलट के एक दल से मुलाकात की।

सरकार द्वारा मीडिया को संसद के मकर द्वार तक जाने पर लगी रोक को लेकर अपने सरोकार राहुल गांधी ने बाकायदा सदन के भीतर उठाए, जहां उन्होंने कहा कि आपने मीडिया को पिंजरे में बंद कर दिया है। मीडिया को एक सीमित जगह पर रखने के दौरान राहुल गांधी सहित तमाम विपक्ष के नेता मीडिया से मिलने उनके कांच के बने कंटेनर नुमा मीडिया एनक्लोजर तक गए थे।

इसके पीछे क्या है रणनीति?
राहुल गांधी की इस कवायद के पीछे रणनीति है कि समाज के अलग-अलग तबकों को संसद के भीतर आने का मौका मिले। उल्लेखनीय है कि इनमें से कई ऐसे वर्ग हैं, जो अपने मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों को से असंतुष्ट हैं। जाहिर है, ऐसे तबके जब संसद में आते हैं तो सरकार के लिए कई बार काफी असहज स्थिति हो जाती है। लेकिन राहुल गांधी के नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद उनका संवैधानिक दर्जा होने के बाद सत्तारूढ़ दल चाहकर इनके प्रवेश को लेकर एक हद के बाद विरोध नहीं कर सकता। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की रणनीति है कि आने वाले समय में राहुल गांधी संसद सत्र के दौरान लगातार आगे भी अपने दफ्तर में विभिन्न तबकों के प्रतिनिधियों से मुलाकात जारी रखेंगे। इसके पीछे एक रणनीति है कि आप जिन मुद्दों को सदन में उठा रहे है, उस दौरान अगर उससे जुड़े लोगों को संसद भवन में बुलाते हैं तो उसका असर मीडिया से लेकर समाज तक में व्यापक होता है।

Latest articles

मध्य प्रदेश में 52% कम बारिश, मानसून की देरी से आधा सूखा जून, 4 जिलों में लू, 30 में बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक में हो रही देरी का असर बारिश...

भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव, प्रदेश कार्यसमिति और स्थायी आमंत्रित सदस्यों की घोषणा

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा से बड़ी खबर सामने आ रही है। पार्टी ने प्रदेश...

सोमनाथ मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक...

More like this

एक जिला एक उत्पाद’ नीति से राजस्थान के स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने...

1 अप्रैल से भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदना होगा महंगा, 740 लोकेशन पर बढ़ेगी कलेक्टर गाइड लाइन

भोपाल राजधानी भोपाल में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। जिले की कुल...

इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी को बचाने के लिए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन: पट्टा धारियों के घर तोड़ने की कार्रवाई का विरोध

भोपाल राजधानी के वार्ड 66 स्थित इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी के निवासियों के आशियानों पर मंडरा...