नई दिल्ली,
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए भी कानूनी राहत की उम्मीदें बढ़ती नजर आ रही हैं. सिसौदिया को दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में जेल से रिहा किया गया है, जो कि उनके लिए तो एक बड़ी राहत साबित हुई ही है साथ ही आम आदमी पार्टी के लिए भी एक उम्मीद बनकर सामने आई है जिससे कि अरविंद केजरीवाल की रिहाई का रास्ता भी निकल सकता है.
इस मामले में कई कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि सिसौदिया को जमानत मिलने का सुप्रीम कोर्ट का निर्णय अरविंद केजरीवाल के मामले पर भी सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है. वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा के अनुसार, सिसौदिया के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जमानत को नियम और जेल को अपवाद माना है. यह दृष्टिकोण सीबीआई मामलों में स्वतंत्रता-समर्थक दिशा को दर्शाता है, जो केजरीवाल के लिए भी फायदेमंद हो सकता है.
मुकदमे में देरी बनी जमानत का आधार
वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े ने इस पर अपनी राय जताते हुए कहा कि सिसौदिया के मामले में सुप्रीम कोर्ट का आदेश अरविंद केजरीवाल के मामले को प्रभावित करेगा. उन्होंने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी सिसौदिया की गिरफ्तारी की एक ब्रांच के रूप में हुई है, इसलिए सिसौदिया को मिली राहत से केजरीवाल को भी लाभ मिल सकता है.
वरिष्ठ अधिवक्ता विकास पाहवा भी कहते हैं कि सिसौदिया के जमानत आदेश का असर न केवल अरविंद केजरीवाल, बल्कि उत्पाद शुल्क मामले में अन्य आरोपियों पर भी पड़ेगा. उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने पीएमएलए के तहत कठोर शर्तों के बावजूद, त्वरित सुनवाई के अधिकार को सर्वोपरि माना है.
अदालतों को समय पर सुनवाई का निर्देश
वरिष्ठ अधिवक्ता संजय घोष ने सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय को न्यायपालिका के लिए एक महत्वपूर्ण माइलस्टोन बताया है कि जमानत नियम होनी चाहिए और जेल नहीं. अदालत ने त्वरित सुनवाई के संवैधानिक अधिकार की गारंटी दी है, जो केजरीवाल के मामले के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है.
क्या केजरीवाल को मिलेगी राहत?
कई विशेषज्ञों का मानना है कि सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय का असर अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर भी पड़ेगा. एडवोकेट तान्या श्रीवास्तव के अनुसार, सिसौदिया की जमानत का आधार त्वरित सुनवाई का अधिकार था, जो केजरीवाल के मामले में भी लागू हो सकता है.
‘अदालत की टिप्पणी भी केजरीवाल के मामले में हो सकती है मददगार’
एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड इबाद मुश्ताक ने कहा कि धारा 45 पीएमएलए की कठोरता लागू होने के बावजूद अदालत ने जमानत को प्राथमिकता दी है. उन्होंने कहा कि यह फैसला दर्शाता है कि कानून के तहत जमानत को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, न कि जेल को.
यह टिप्पणी तब की गई जब अदालत सीबीआई और ईडी द्वारा दर्ज मामलों में जमानत पर सुनवाई कर रही थी. इबाद मुश्ताक ने बताया कि मुकदमे में देरी और इसके समापन की धूमिल संभावना को लेकर अदालत की टिप्पणियां अरविंद केजरीवाल के मामले में मददगार साबित हो सकती हैं. खासतौर पर इसलिए कि पीएमएलए मामले में उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी है और सीबीआई मामले में धारा 45 पीएमएलए का प्रभाव लागू नहीं होता.
हालांकि, एडवोकेट ने यह भी स्पष्ट किया कि जमानत आदेश किसी भी मामले में गुण-दोष के आधार पर कोई मदद नहीं करेगा, लेकिन मुकदमे में देरी और उसके निष्कर्ष की दूरगामी संभावना के मद्देनजर ये टिप्पणियां महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं.
हालांकि, यह देखना बाकी है कि सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय का वास्तविक प्रभाव अरविंद केजरीवाल के मामले पर कितना पड़ेगा. लेकिन कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि इससे उनके लिए राहत पाने की संभावना ज़रूर बढ़ी है. सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय ने एक बार फिर जमानत के सिद्धांतों को स्पष्ट किया है और त्वरित न्याय की आवश्यकता पर जोर दिया है. अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या अरविंद केजरीवाल इस निर्णय से मिलने वाले कानूनी लाभ का फायदा उठा पाते हैं.
