नई दिल्ली
दिल्ली में पिछले कुछ दिन से लगातार रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। बारिश के साथ ही हरियाणा से पानी छोड़े जाने की वजह से यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद मंगलवार को भारद्वाज ने कहा कि हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। पुराने रेलवे पुल (ओआरबी) पर यमुना का जलस्तर 204.35 मीटर तक पहुंच गया है।
हथिनीकुंड बैराज से कितना पानी छोड़ा?
भारद्वाज ने बताया कि चेतावनी स्तर 204.5 मीटर है। उन्होंने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से फिलहाल 10,000 से 13,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को यमुना के बढ़ते जलस्तर से बचने की चेतावनी देने और बच्चों को नदी के पास जाने या उसमें तैरने से रोकने के लिए मंगलवार से मुनादी शुरू होगी।
नावों की व्यवस्था, तैयारी पूरी
भारद्वाज ने कहा कि जरूरत पड़ने पर नावों की व्यवस्था और बचाव कार्यों के लिए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण तथा राजस्व विभाग की तैयारियां पूरी हैं। नदी के खतरे के निशान पर पहुंचने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए बचाव कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि पिछले मानसून के मौसम में शहर में आई बाढ़ की स्थिति को फिर से बनने से रोकने के लिए विभागों ने खुद को तैयार कर लिया है। मंत्री ने कहा कि नदी के प्रवाह में आने वाले आईटीओ बैराज के जाम हो गए गेट जैसे अवरोधों को दूर कर लिया गया है।
