नई दिल्ली
महज 16 साल की एक लड़की… देश की राजधानी दिल्ली से लापता होती है। तारीख थी 18 जुलाई 2024। उसकी तलाश में दिल्ली पुलिस चप्पा-चप्पा खंगालती है। लेकिन लड़की का कोई सुराग नहीं मिलता। इस बीच 9 अगस्त को यूपी से एक खबर आती है। खबर थी एक लड़की की लाश की, जो यूपी के सम्भल जिले में खेतों में मिली। लाश के हाथ पैर बंधे थे और उसका हुलिया कुछ-कुछ दिल्ली वाली लापता लड़की से मेल खा रहा था। खबर मिलते ही दिल्ली पुलिस के चार इंस्पेक्टर और एक सब इंस्पेक्टर लापता लड़की के मां-बाप को साथ लेकर सम्भल के लिए निकलते हैं। वहां पहुंचकर माता-पिता लाश की शिनाख्त करते हैं और बताते हैं कि ये उनकी ही बेटी है।
लेकिन दिल्ली पुलिस के अफसरों को कुछ गड़बड़ नजर आती है। जो अफसर सम्भल गए थे, उन्हें लाश देखकर शक होता है कि ये लड़की वो नहीं है, जिसकी तलाश में वो पिछले एक महीने से राजधानी का कोना-कोना खंगाल रहे हैं। दिल्ली पुलिस बिना मां-बाप को बताए उस लड़की की तलाश के लिए अपनी तफ्तीश जारी रखती है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए सुराग इकट्ठा किए जाते हैं। कड़ियां जोड़ी जाती हैं। और आखिरकार दिल्ली पुलिस की एक टीम राजधानी से लगभग 200 किलोमीटर दूर 12 अगस्त को हरियाणा के पंचकूला इलाके में पहुंचती है। जिस लड़की की तलाश पिछले एक महीने से दिल्ली में हो रही थी, जिसकी लाश उत्तर प्रदेश के सम्भल में मिली थी, वही लड़की पंचकूला में अपने प्रेमी के साथ लिवइन में रह रही थी।
प्रेमी संग छिपकर रह रही थी लड़की
ये लड़की 19 साल के अपने प्रेमी के साथ पिछले एक महीने से यहां छिपकर रह रही थी। दोनों ने किराए का एक रूम लिया हुआ था और उसका प्रेमी यहां पार्किंग कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा था। अब बड़ा सवाल ये था कि अगर दिल्ली से लापता हुई वो लड़की यहां पंचकूला में थी, तो फिर वो लाश किसकी थी, जो यूपी के सम्भल में मिली? और इससे भी बड़ा सवाल, जब माता-पिता ने खुद लाश की शिनाख्त करते हुए कहा कि वो उनकी बेटी है, तो फिर पुलिस को कैसे शक हुआ कि लड़की जिंदा है?
नोट पिन से मिला सुराग
दरअसल, इस पूरे मामले में दिल्ली पुलिस के लिए सुराग बनी उस लड़की की नोज पिन। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 18 जुलाई को जब लड़की के माता-पिता ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई तो पहचान के लिए बताया था कि उनकी बेटी दाईं तरफ नोज पिन पहनती है। जबकि, सम्भल में जो लाश मिली, उस लड़की ने बाईं तरफ नोज पिन पहन रखी थी। इसके अलावा तफ्तीश के दौरान मिले किसी सुराग में ऐसा कोई इशारा नहीं मिला, जिससे ये माना जा सके कि वो लड़की यूपी की तरफ गई है। बस यहीं से पुलिस का माथा ठनक गया था और उन्होंने अपनी तलाश जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले और कड़ियों को जोड़ती हुई हरियाणा के पंचकूला में उस लड़की तक पहुंच गई।
परिवार खिलाफ था, इसलिए घर से भाग आए
पुलिस पूछताछ में लड़की ने बताया कि जिस लड़के से वह प्यार करती है, वो दूसरे धर्म से है और इसीलिए उनके परिवार वाले दोनों के रिश्ते के खिलाफ थे। ये दोनों 11वीं कक्षा में पढ़ते थे। जब परिवारवालों ने विरोध किया तो दोनों ने घर से भागने का प्लान बनाया। एक दिन मौका पाकर ये दोनों घर से निकल आए और हरियाणा में किराए का रूम लेकर साथ-साथ रहने लगे। पुलिस ने बताया कि लड़की को उसके परिवार को सौंपकर लड़के पर अपहरण का केस दर्ज किया गया है। हालांकि, जिस लड़की की लाश यूपी के सम्भल में मिली, उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
