वाशिंगटन,
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि कमला हैरिस एक बेहतरीन राष्ट्रपति बनेंगी. जो बाइडेन और कमला हैरिस ने वाशिंगटन डीसी के बाहर मैरीलैंड के प्रिंस जॉर्ज काउंटी कम्युनिटी कॉलेज में एक रैली की. ये पहला मौका था जब कमला हैरिस को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद हैरिस और बाइडेन किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में एकसाथ दिखे.
राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि हमने जो प्रगति की है, उसमें मेरा एक अविश्वसनीय साथी है. वह एक बेहतरीन राष्ट्रपति बनने जा रही हैं. बता दें कि अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होना है. इस बार कमला हैरिस और रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप के बीच सीधा मुकाबला है.
कार्यक्रम के दौरान कमला हैरिस ने कहा कि हमारे राष्ट्रपति के लिए इस कमरे में बहुत प्यार है. वहीं, समर्थकों ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का स्वागत “हैरिस, हैरिस” के बजाय “कमला, कमला” के नारे लगाते हुए किया.
बता दें कि 59 वर्षीय कमला हैरिस को पिछले महीने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर नामित किया गया था. वह रिपब्लिकन या डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित होने वाली पहली भारतीय अमेरिकी भी हैं. कमला हैरिस की मां श्यामला गोपालन भारतीय थीं और उनके पिता डोनाल्ड जैस्पर हैरिस जमैका के थे. दोनों ही अमेरिका में अप्रवासी थे.
