नई दिल्ली
दुनिया में मंकी पॉक्स के बढ़ते मामलों को लेकर भारत अलर्ट हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने शनिवार को मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता। मीटिंग में मंकीपॉक्स की स्थिति और देश की तैयारियों की समीक्षा की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता वाली बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पूरी सावधानी के तौर पर कुछ उपाय किए जाएं। इनमें सभी एयरपोर्ट, बंदरगाहों और जमीनी सीमाओं पर हेल्थ यूनिट को सचेत करना, टेस्टिंग लैब्स को तैयार करना, किसी भी मामले का पता लगाने, आइसोलेशन और मैनेजमेंट के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को तैयार करना आदि शामिल हैं।
भारत में अभी कोई मामला नहीं
बैठक में यह बात सामने आई कि मंकीपॉक्स संक्रमण आमतौर पर 2-4 सप्ताह तक स्वतः ही ठीक हो जाते हैं। इसके रोगी आमतौर पर सामान्य देखभाल से ठीक हो जाते हैं। संक्रमण के लिए संक्रमित व्यक्ति के साथ लंबे समय तक करीबी संपर्क की आवश्यकता होती है। यह आमतौर पर यौन संपर्क, शरीर/घाव के तरल पदार्थ के सीधे संपर्क या संक्रमित व्यक्ति के कपड़े/बिस्तर के माध्यम से होता है।
WHO ने घोषित की ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और अफ्रीका सीडीसी ने इस सप्ताह चार नए देशों सहित अफ्रीका के 13 देशों में फैले नवीनतम प्रकोप के बाद मंकीपॉक्स को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया है। आज की तारीख तक भारत में मंकीपॉक्स के कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
ICMR कर रहा सीरो सर्वे
हालांकि आने वाले हफ्तों में कुछ बाहर से आने वाले मामलों के पता चलने की संभावना पूरी तरह से खारिज नहीं की जा सकती है, लेकिन यह आकलन किया गया कि भारत में बड़े पैमाने पर प्रकोप होने का खतरा अभी कम है। इस बीच, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) पिछले साल से देश में विशेष रूप से एचआईवी रोगियों जैसे उच्च जोखिम वाले लोगों में मंकीपॉक्स के जोखिम को समझने के लिए सीरो सर्वेक्षण भी कर रहा है।
तमिलनाडु एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट
तमिलनाडु के पब्लिक हेल्थ और निवारक चिकित्सा निदेशालय (डीपीएच)ने शुक्रवार को एयरपोर्ट हेल्थ अधिकारियों और बंदरगाह स्वास्थ्य अधिकारियों को विशेष रूप से कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और मध्य अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों के बारे में हाई अलर्ट रहने का निर्देश दिया। अन्य देशों ने भी प्रसार को ट्रैक करने और रोकने के प्रयासों को तेज कर दिया है।
