नई दिल्ली,
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में गठबंधन हो सकता है. हरियाणा चुनाव साथ लड़ने को लेकर राहुल गांधी के ऑफर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बड़ा बयान दिया है.संजय सिंह ने कहा कि मैं राहुल गांधी के बयान का स्वागत करता हूं. बीजेपी को हराना हमारी प्राथमिकता है. लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सहमति से फैसला होगा.
बता दें कि हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को चुनाव होना है. इसे लेकर कांग्रेस पार्टी में मंथन का दौर जारी है. सोमवार को कांग्रेस इलेक्शन कमेटी की बैठक हुई थी, जिसमें हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया.
हरियाणा के एआईसीसी प्रभारी दीपक बाबरिया ने बताया था कि बुधवार तक अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी. उन्होंने कहा था कि विनेश फोगट को लेकर चल रही अटकलों पर भी मंगलवार तक विराम लग जाएगा. राज्य की स्क्रीनिंग कमेटी ने 49 नामों की सूची पेश की, जिनमें से 34 को मंजूरी मिल गई है और 15 नाम लंबित हैं. 22 मौजूदा विधायकों को टिकट मिलने पर मुहर लग गई है.
