नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी के विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी के खिलाफ मारपीट के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में ‘सीवेज पंपिंग स्टेशन’ पर दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के एक कर्मचारी संग मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है। बताया जा रहा कि कल्याण विहार सीवेज पंपिंग स्टेशन पर क्षेत्रीय सहायक के रूप में काम करने वाले 59 वर्षीय सतपाल सिंह की शिकायत पर बुधवार को मॉडल टाउन पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
जल बोर्ड कर्मी सतपाल सिंह ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस में दर्ज कराई एफआईआर के अनुसार, सतपाल सिंह ने शिकायत में बताया कि आखिर हुआ क्या था। उन्होंने कहा कि सीवेज पंपिंग स्टेशन पर काम कर रहे थे, तभी विधायक 20-25 लोगों के साथ वहां पहुंचे। उनसे पूछा कि पंप क्यों नहीं चल रहा है? इसी को लेकर पहले उनके बीच बहस शुरू हो गई। जल बोर्ड कर्मी ने कहा कि हालात इतने बिगड़ गए कि आप विधायक ने अपने समर्थकों के साथ उनकी मारपीट शुरू कर दी।
पंप चालू करने को लेकर विवाद
प्राथमिकी में कहा गया है कि जब सतपाल सिंह ने जवाब दिया कि पंप पहले से ही चालू है, तो विधायक पक्ष की ओर से आए लोगों ने बहस शुरू कर दी। सतपाल सिंह का आरोप है कि इसी दौरान आप विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी को कथित तौर पर थप्पड़ मारा और जूतों से उसकी पिटाई की।
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
सतपाल सिंह ने पंपिंग स्टेशन के अन्य कर्मचारियों की मदद से घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी की शिकायत पर आम आदमी पार्टी विधायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 132, 121 (1) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
