भागलपुर
भागलपुर के नवगछिया में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक गोपाल मंडल ने अपनी ही पार्टी के सांसद और स्थानीय पुलिस अधीक्षक (SP) पर जमकर निशाना साधा। एक कार्यक्रम में उन्होंने JDU सांसद अजय मंडल पर पार्टी में फूट डालने का आरोप लगाया। साथ ही SP पूरण झा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें शराबी तक कह दिया। विधायक गोपाल मंडल ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि वे अगले चुनाव में 35 हजार वोटों से जीतेंगे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के सामने यह बात कही।
अजय मंडल पार्टी में फूट डालने की कोशिश न करें: जदयू विधायक
नवगछिया में आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक गोपाल मंडल ने पार्टी सांसद अजय मंडल पर हमला बोलते हुए कहा कि वे पार्टी में फूट डालने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा, ‘वह पार्टी में दरार पैदा न करें। हम जरासंध हैं, जितना अलग करोगे, उतना जुड़ जाएंगे। काम को लोग पसंद करते हैं।’ मंडल ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा, ‘मैंने मुख्यमंत्री को पिछली बार बता दिया था कि मैं 25 हजार वोट से जीतूंगा। और आज प्रदेश अध्यक्ष को बता देता हूं कि मैं इस बार 35 हजार वोट से जीतूंगा। मैं रिजल्ट पहले देता हूं।’
एसपी पूरण झा पर जदयू विधायक ने लगाए गंभीर आरोप
इसके बाद जदयू विधायक गोपाल मंडल ने नवगछिया के एसपी पूरण झा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ‘अभी जो पुलिस महकमे का हेड है, उनका धंधा है बाजार में दबंग लोगों के साथ दारू पीना। मैं खुलेआम बोलता हूं कि उनका काम है अपने आवास पर दबंग लोगों को दारू पिलाना।’ विधायक ने आगे कहा, ‘मैंने मुख्यमंत्री से कहा था कि ये हमसे बर्दाश्त नहीं होगा।’
गोपाल मंडल ने दलित महिला से रेप का मामला भी उठाया
गोपाल मंडल ने रंगरा में एक दलित महिला के साथ हुए बलात्कार का मामला भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस मामले को दबाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, ‘नवगछिया के रंगरा में दलित महिला के साथ बलात्कार हुआ था और उस केस को इस पुलिस ने नहीं चलने दिया। कहा बलात्कार हुआ ही नहीं है। इसलिए जब तक ऊपर DGP नहीं सुधरेगा, तब तक यहां नहीं सुधरेगा।’
