नई दिल्ली
संसद में अडानी मामले को लेकर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों का हंगामा रोजाना बढ़ रहा है। इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने अपने खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों को कार्यवाही से हटाने का आग्रह किया। राहुल गांधी ने बताया कि अध्यक्ष ने मामले को देखने का आश्वासन दिया है।
राहुल गांधी का कहना है कि उनका उद्देश्य सदन को सुचारू रूप से चलाना और चर्चा करवाना है। वह 13 दिसंबर को अडानी मामले पर चर्चा चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘चाहे मेरे बारे में कुछ भी कहें, हम 13 दिसंबर को बहस चाहते हैं।’ राहुल गांधी का मानना है कि बीजेपी अडानी मामले पर चर्चा से भाग रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह इस मुद्दे को नहीं छोड़ेंगे।
राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए
बीजेपी के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे और संबित पात्रा ने 5 दिसंबर को राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने राहुल गांधी का नाम हंगेरियन-अमेरिकन बिजनेसमैन जॉर्ज सोरोस से जोड़ा था। अगले दिन दुबे ने सोरोस और OCCRP (ऑर्गनाइज़्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट) का जिक्र किया। उन्होंने कहा था, ‘कांग्रेस का हाथ, सोरोस के साथ। कांग्रेस का OCCRP से संबंध है, जिसे सारा पैसा अमेरिकी सरकार और जॉर्ज सोरोस से मिलता है। क्या राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए जॉर्ज सोरोस से पैसा लिया?’ इस बयान पर कांग्रेस सांसदों ने सदन में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सदन स्थगित करना पड़ा। कांग्रेस सांसदों ने दुबे और पात्रा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन के नोटिस की स्थिति जानना चाही।
मुझे अपने भाई पर गर्व है: प्रियंका गांधी
गुरुवार को संसद के बाहर, प्रियंका गांधी ने बीजेपी नेता संबित पात्रा की ओर से राहुल गांधी को ‘गद्दार’ कहने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘जो लोग जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को गद्दार कह सकते हैं, उन्हें राहुल गांधी को गद्दार कहने में कोई हिचक नहीं होगी। इसमें कुछ भी नया नहीं है। मुझे अपने भाई पर गर्व है, और उनके लिए इस देश से बढ़कर कुछ नहीं है।’ इस पूरे मामले ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। कांग्रेस लगातार अडानी मामले पर चर्चा की मांग कर रही है, जबकि बीजेपी इससे बचती नजर आ रही है। देखना होगा कि आगे इस मामले में क्या रूख लेता है।
