लखीमपुर खीरी
यूपी में चार जगह पर नगर निकाय का उपचुनाव हो रहा है। इसमें लखीमपुर खीरी की पलिया नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव भी शामिल है। शुक्रवार को पलिया नगर निकाय उप चुनाव की कैंपेनिंग के दौरान भाजपा विधायक रोमी साहनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें भाजपा विधायक हाथ जोड़कर जनता से गिड़गिड़ाते और वोट मांगते नजर आ रहे हैं, नगर पालिका उपचुनाव रोमी साहनी की साख का चुनाव है। क्योंकि इससे पहले लोकसभा के चुनाव में भाजपा विधायक रोमी साहनी पर पार्टी के साथ भीतर घाट करने का बड़ा आरोप लग चुका है। शायद यही वजह है, कि अब रोमी साहनी नगर पालिका के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जिताकर डैमेज कंट्रोल की पॉलिसी अपनाना चाहते हैं।
पलिया नगर पालिका के उपचुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में वोट के लिए भाजपा विधायक रोमी साहनी का हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो में विधायक साहनी एक जनसभा के दौरान हाथ जोड़कर बोल रहे हैं, ‘साथियों मेरी इज्जत का सवाल है। 17 तारीख को मेरा साथ दे देना।’ इस भाषण के दौरान विधायक के चेहरे पर अपनी कुर्सी जाने का डर साफ देखने को मिला।
यह है पूरा मामला
लखीमपुर-खीरी के पलिया नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। इसमें भाजपा भी अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में प्रचार-प्रसार को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधायक रोमी साहनी पहुंचे हुए थे। भाषण के दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए जनता से वोट के लिए अपील की। इसका एक वीडियो सार्वजनिक हो गया।
विधायक बोले लगातार आ रहे हाईकमान के फोन
वीडियो में रोमी साहनी बोल रहे हैं, ‘ये केवल एक चुनावी मुकाबला नहीं, उनकी इज्जत का सवाल है। पालिया के लिए लगातार हाईकमान से फोन आ रहे हैं और स्टेटस पूछा जा रहा है।’ विधायक ने कहा, ‘साथियों 17 तारीख को साथ दे देना। अगर बंटोगे तो ये कमान दूसरे के हाथ में चली जाएगी।
