अमृतसर/चंडीगढ़। सिख कौम की सर्वोच्च संस्था अकाल तख्त साहिब ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पेशी का एक वीडियो सार्वजनिक किया है। यह वीडियो 15 जनवरी 2026 को हुई बंद कमरे की सुनवाई का है, जिसमें मुख्यमंत्री मान और अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के बीच तीखे सवाल-जवाब हुए। वीडियो में मुख्यमंत्री ने उनके संबंध में प्रसारित हो रहे कथित विवादित वीडियो को पूरी तरह से फर्जी और डीपफेक बताया।
मान ने दलील दी कि आधुनिक तकनीक और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के इस दौर में किसी भी व्यक्ति का नकली वीडियो आसानी से तैयार किया जा सकता है, इसलिए इस पूरे मामले की वैज्ञानिक जांच होना बेहद जरूरी है। गौरतलब है कि हाल ही में 15 जून को अकाल तख्त ने कथित शराब वाले वायरल वीडियो की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद भगवंत मान को पंथ विरोधी और गुरु दोषी घोषित किया था। अब सार्वजनिक किए गए वीडियो में जत्थेदार और सीएम के बीच जांच लैब्स को लेकर चर्चा होती दिख रही है।
जत्थेदार ने कहा कि बात गुरु और पंथ की मर्यादा की है, इसलिए अकाल तख्त इस वीडियो की प्रामाणिकता जांचने के लिए दो शीर्ष लैब्स से फॉरेंसिक जांच कराएगा। इस पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताते हुए कहा कि वे खुद चाहते हैं कि सच सामने आए। बातचीत के दौरान जत्थेदार गड़गज ने सीएम से दमदमी टकसाल के पूर्व मुखी बाबा जरनैल सिंह खालसा भिंडरांवाले और सिख पंथ के इतिहास को लेकर भी कई सवाल पूछे, जिसका मुख्यमंत्री मान ने सिलसिलेवार जवाब दिया।
