पटना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पर की गई टिप्पणी पर राजद ने बिहार में जमकर बवाल काटा। इससे पहले राजद सुप्रीमो लालू यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने नसीहत दी कि अमित शाह राजनीति छोड़ दें। लालू के तीखे बयानों के बाद राजद ने पटना में जमकर प्रदर्शन किया।
अमित शाह पागल हो गए हैं- लालू यादव
इधर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए लालू प्रसाद यादव ने कहा कि ‘अमित शाह पागल हो गए हैं। उन्हें बाबासाहेब अंबेडकर से नफरत है। हम उनके इस पागलपन की निंदा करते हैं। बाबासाहेब अंबेडकर महान शख्सियत हैं। उन्हें राजनीति छोड़ देनी चाहिए और इस्तीफा देकर चले जाना चाहिए।’ नीचे सुनिए लालू प्रसाद यादव का वो बयान
राजद का बिहार में जमकर हंगामा
इससे पहले बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अमित शाह और भाजपा पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया था। तेजस्वी यादव ने कहा कि ‘बाबासाहेब अंबेडकर हमारे फैशन और जुनून हैं। वह हमारी प्रेरणा के केंद्र है। हम बाबासाहेब अंबेडकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। अमित शाह के बयान की मैं निंदा करता हूं। ये उनकी संविधान विरोधी सोच को दिखाता है।’ लालू प्रसाद यादव के बयान के बाद राजद कार्यकर्ताओं ने बिहार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
क्या कहा था अमित शाह ने
मंगलवार को राज्यसभा में संविधान के 75 साल पूरे होने पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था, ‘आजकल अंबेडकर का नाम लेना एक फैशन बन गया है। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता। सौ बार और नाम लीजिए, लेकिन मैं जानना चाहता हूं कि आपके मन में उनके लिए क्या भावना है?’ इसके बाद से ही विपक्ष ने अंबेडकर के बहाने अमित शाह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
