गोपालगंज
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी है। इसी कड़ी में गोपालगंज में कांग्रेस पार्टी ने जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सह मिलन समारोह का आयोजन किया। जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह सहित प्रदेश स्तर के कई नेता शामिल हुए। शहर के अंबेडकर भवन में इस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसमें पार्टी में दूसरे दल से आए लोगों को भी शामिल कराया गया।
कार्यालय का उद्घाटन
कार्यकर्ता सम्मेलन से पहले थावे में पार्टी कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। जिसका उद्घाटन पूर्व मंत्री व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने किया। 2025 में होने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ यह अहम बैठक की गई थी। जिसमें पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं ने जोश भरने को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित है। सूत्रों की मानें, तो कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले लालू के गढ़ में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है।
कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि वे कार्यकर्ता सम्मेलन के जिले के नेताओं से रूबरू हुए। इसके बाद वे गोपालगंज में रात्रि विश्राम करेंगे। और बूथ लेवल पर अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। जिनके साथ बूथ लेवल पर चुनाव की तैयारी को लेकर समीक्षा करेंगे। कांग्रेस से जुड़े एक नेता ने बताया कि आने वाले दिनों में आरजेडी के वोटरों वाले इलाके में पार्टी का कार्यक्रम जारी रहेगा।
बीजेपी पर अटैक
अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से अंबेडकर को बदनाम करने की साजिश रच रही है। इसको लेकर वे जन जन तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के पॉलिटिकल डिजाइन को पर्दाफाश किया जाएगा। और इसी को लेकर उनके द्वारा पूरे प्रदेश में जिले का भ्रमण कर रहे हैं।
सीटों के सवाल पर चुप्पी
अखिलेश कुमार सिंह से जब सवाल किया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन में बिहार में कांग्रेस की कितनी भागीदारी होगी। और यहां पार्टी कितने सीटों पर चुनाव लड़ेंगे इसकी कोई रूपरेखा तैयार की गई है। इस पर अखिलेश सिंह थोड़ा हड़बड़ा गए। उन्होंने कहा कि अभी सेट शेयरिंग का कोई मुद्दा नहीं है। इसको लेकर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। अभी इस मुद्दे पर बाद में चर्चा किया जाएगा।
नया समीकरण हो रहा तैयार
कार्यकर्ता सम्मेलन के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के अलावा प्रदेश नेता आदित्य पासवान, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश गर्ग सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए। बहरहाल लालू के गृह जिले में एनडीए के सामने भले ही राजद का दांव नहीं चल रहा है। लेकिन अब कांग्रेस ने भी अपनी बेजान पड़ी पार्टी के कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी करने के लिए तैयारी तेज कर दिया है। यह देखना अभी बाकी है। जानकार मानते हैं कि कांग्रेस का लालू यादव के गृह जिले को सबसे पहले टारगेट करना महागठबंधन के अंदर नए सियासी समीकरण का इशारा है।
