बहराइच:
उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले का एक युवक पुलिस में भर्ती होना चाहता था। इसमें उसे सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने फर्जी सब इंस्पेक्टर बनकर ठगी का सिलसिला शुरू कर दिया। इस बीच उसने न केवल एक युवती से शादी कर ली, बल्कि दहेज में 10 लाख रुपये और एक कार ले लिए। फर्जी सब इंस्पेक्टर बना युवक दरोगा की वर्दी पहनकर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से वसूली भी करने लगा।
फर्जी इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी
फर्जी सब इंस्पेक्टर का मामला कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दरोगा की वर्दी पहनकर यात्रियों पर रौब झाड़ रहा है। वाहन चालकों से चेकिंग के नाम पर धन उगाही कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक से पूछताछ की। उसके जवाब संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी की हुई पहचान
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार पांडेय के रूप में हुई। वह कोदैली मजरे भद्दौर गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने फर्जी तरीके से दरोगा की वर्दी बनवाई। रायबरेली में खुद को सब इंस्पेक्टर बताकर रह रहा था। पढ़ाई में औसत होने के कारण वह पुलिस में भर्ती नहीं हो पाया, जिसके बाद उसने यह रास्ता अपनाया।
दहेज में ली बड़ी रकम और कार
प्रमोद ने 16 नवंबर को दादरा गांव की रहने वाली एक युवती से शादी की थी। उसने खुद को सब इंस्पेक्टर बताकर युवती के परिवार से दहेज में 10 लाख रुपये और एक महंगी कार ली। एसएचओ विवेक सिंह ने बताया कि युवक ने फर्जी वर्दी सिद्दीकी टेलर, बस स्टॉप जायस से बनवाई थी और वर्दी में लगाने वाले सामान रायबरेली कचहरी के पास से खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
