नई दिल्ली,
दिल्ली की नवनिर्वाचित सीएम रेखा गुप्ता ने यमुना नदी के किनारे वासुदेव घाट पर यमुना आरती की. यमुना नदी की सफाई बीजेपी की प्राथमिकता में शामिल है और इस आरती के जरिए नई बनीं सीएम ने ये जाहिर कर दिया दिल्ली में यमुना की सफाई के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.
11 महीने पहले हुई थी वासुदेव घाट पर आरती की शुरुआत
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के तहत आने वाले वसुदेव घाट का जीर्णोद्धार करने के बाद यहां यमुना आरती की परंपरा शुरू की गई थी. दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने 12 मार्च 2024 को इस ऐतिहासिक यमुना आरती का उद्घाटन किया था. तब से यह आरती नियमित रूप से जारी है और इसे 11 महीने से अधिक का समय हो चुका है.
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने वसुदेव घाट को संवारने का काम किया. इसका उद्देश्य यमुना किनारे की स्वच्छता बनाए रखना और धार्मिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना था. घाट की सफाई और सौंदर्यीकरण के बाद यहां नियमित रूप से यमुना आरती का आयोजन किया जाने लगा.
गंगा आरती की तरह यमुना आरती को भी धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस आयोजन से न केवल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव मिल रहा है, बल्कि यह यमुना नदी की पवित्रता और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने में भी मदद कर रहा है.
लगातार बढ़ रही है श्रद्धालुओं की संख्या
यमुना आरती की शुरुआत के बाद से श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है. दिल्ली और आसपास के इलाकों से लोग यहां पहुंचकर आरती में शामिल होते हैं. स्थानीय निवासियों के अलावा, विभिन्न धार्मिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने भी इस पहल की सराहना की है.
