नई दिल्ली,
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़े ऐलान करने वाली हैं. सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले दिल्ली सचिवालय में हुई कैबिनेट मीटिंग में महिला समृद्धि योजना को मंजूरी मिल चुकी है. जेपी नड्डा रजिस्ट्रेशन की तारीख का ऐलान कर सकते हैं. BPL कार्ड धारक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा.
दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में जनता को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा, “मैं 1993 से संगठन से जुड़ी हुई हूं, नड्डा जी उन दिनों से हमारे अभिभावक हैं. मैं तीन बहनों और एक भाई के परिवार से हूं, लड़कियों के लिए यह मुश्किल है. जब मैंने डीयू का चुनाव लड़ा, तो मेरी मां ने कहा कि चुनाव लड़कियों के लिए नहीं हैं, लेकिन पिताजी ने मुझे प्रेरित किया. यह मेरी पार्टी है जिसने मेरा साथ दिया. मेरी पार्टी ने मुझे घर से ढूंढा और मुख्यधारा की राजनीति और समाज के लिए काम करने को कहा.”
उन्होंने आगे कहा कि 33 फीसदी रिजर्वेशन देने वाली बातें बहुत लोग करते थे लेकिन वो बिल लाते थे और वहीं फाड़ दिए जाते थे. जिस नेता ने इस बात को समझा कि देश की तरक्की केवल एक वर्ग से नहीं होने वाली. मोदी जी जिस एजेंडा को महिलाओं के सम्मान में देश में चला रहे हैं, उसी तरह हम दिल्ली में चला रहे हैं.
रेखा गुप्ता ने कहा, “केंद्र सरकार के साथ हर वो काम करने की प्लानिंग हो चुका है, जो दिल्ली को और अधिक सुरक्षित और समृद्ध बनाने वाली है. पिछले 15 दिन में हमारी सरकार ने उन अनेकों योजनाओं पर चर्चा की, जो दिल्ली की बहनों के लिए बहुत जरूरी थी. पिंक पुलिस स्टेशन की संख्या बढ़ाने के लिए दिल्ली में काम किया जाएगा.”
क्या होगी पात्रता?
- जिन महिलाओं को यह लाभ मिलेगा उनकी उम्र 21 साल से 60 साल के बीच में होनी चाहिए,
- इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा.
- आवेदक को आवेदन करने से पहले कम से कम पांच साल तक दिल्ली का निवासी होना चाहिए.
- आवेदक के पास आधार नंबर होना चाहिए.
- आवेदक के पास दिल्ली में एक एकल संचालित बैंक खाता होना चाहिए, जो उनके आधार नंबर से जुड़ा हो.
- 3 लाख रुपये प्रति वर्ष तक की आय के लिए क्षेत्र के SDM या राजस्व विभाग के किसी अन्य अधिकृत अधिकारी से आय प्रमाण पत्र.
- 1 लाख रुपये प्रति वर्ष से कम आय के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्ड.
