नई दिल्ली
पुणे में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राजनीति में चल रहे जातिवाद, भाई-भतीजावाद पर तीखे प्रहार किए. उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो करेगा जाति की बात, उसको मारूंगा कस के लात. गडकरी ने कहा कि ‘अपनी संस्कृति में कहा गया है वसुधैव कुटुंबकम. विश्व का कल्याण हो. हमारी संस्कृति में यह कहीं नहीं कहा गया है कि पहले मेरा कल्याण हो, पहले मेरे बेटे का कल्याण हो, मेरे दोस्तों का कल्याण हो. लेकिन राजनीति में कुछ लोग बोलते हैं, पहले मेरे बेटे का कल्याण करो, उसे टिकट दो, मेरी पत्नी को टिकट दो.’
नितिन गडकरी ने कहा कि ‘यह क्यों चलता है? क्योंकि लोग उनको वोट देते हैं, जिस दिन लोगों ने ठान लिया कि यह ठीक नहीं है, उसी दिन ये लोग एक मिनट में सीधे हो जाएंगे. किसी का बेटा-बेटी होना पुण्य भी नहीं है, पाप भी नहीं है, लेकिन उन्हें अपनी काबिलियत सिद्ध करनी चाहिए.’ उन्होंने कहा कि मैं 45 सालों से राजनीति में हूं. मैं किसी के गले में हार नहीं डालता. पिछले 45 वर्षों में मेरे स्वागत के लिए कोई आता नहीं है, कोई छोड़ने नहीं जाता.
नितिन गडकरी ने कहा कि मैं हरदम बोलता हूं कि कुत्ते भी नहीं आते, लेकिन अब कुत्ते आने लगे हैं, क्योंकि जेड प्लस सुरक्षा होने की वजह से मेरे से पहले कुत्ते आते हैं. पोस्टर भी नहीं लगता, बैनर भी नहीं लगता, लोगों को भी कहा है कि वोट देना है, तो दीजिए, नहीं देना है, तो मत दीजिए. दोगे तो भी काम तुम्हारा करूंगा, नहीं दोगे तो भी तुम्हारा काम करूंगा. जातिवाद की बात करोगे, तो मेरे यहां नहीं आना. मैंने पब्लिकली कहा है कि जो करेगा जाति की बात, उसको मारूंगा कस के लात, मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उसने मुझे वोट दिया है.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मेरे निर्वाचन क्षेत्र में करीब 40 फीसदी मुसलमान हैं। मैंने उनको पहले ही बता दिया था कि मैं आरएसएस वाला हूं और हाफ चड्ढी वाला हूं। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि किसी को वोट देने से पहले सोच लो कि बाद में पछताना ना पड़े। गडकरी ने कहा कि जो मुझे वोट देगा उनका भी काम होगा और जो वोट नहीं देगा उनका काम भी मैं करूंगा।
कोई भी शख्स जाति के आधार पर बड़ा नहीं होता- नितिन गडकरी
भारतीय जनता पार्टी के नेता नितिन गडकरी ने कहा कि कोई भी शख्स जाति के आधार पर बड़ा नहीं होता है। गरीबी, भूखमरी और रोजगार सबके लिए है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिलेंडर हो या कोई अन्य चीज अगड़ी और पिछड़ी जाति के लोग एक ही रेट पर इसे खरीदते हैं। इसके साथ ही गडकरी ने कहा कि पेट्रोल हिंदू और मुसलमान एक ही कीमत पर खरीदते हैं।
जातिवाद विकास को खत्म करने वाला- नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वर्तमान में महाराष्ट्र में जातिवाद बढ़ रहा है और यह विकास को खत्म करने वाला है। सभी राजनीतिक नेताओं को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए और सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिए बिना जनसेवा और विकास की राजनीति करनी चाहिए। महाराष्ट्र में 6 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रिंग रोड बनाए जाएंगे।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बड़े पैमाने पर देश का विकास कर रही है। नेताओं और कार्यकर्ताओं को जनता की जरूरतों को समझना चाहिए और उन्हें पूरा करना चाहिए। तब ही जनता वोट के रूप में अपना आशीर्वाद देगी।
महाराष्ट्र में होंगे विधानसभा चुनाव
बता दें कि इस साल महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। अक्टूबर-नवंबर के महीने में राज्य की 288 विधानसभा सीटों के लिए इलेक्शन होगा। पिछले इलेक्शन में भारतीय जनता पार्टी को 105, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली थी। हालांकि, चुनाव के बाद में राज्य में काफी उठापटक हुई है। चुनाव के बाद शिवसेना एनडीए से अलग हो गई और उसने एनसीपी-कांग्रेस के साथ में मिलकर सरकार का गठन कर लिया। शिवसेना के उद्धव ठाकरे सीएम बने। इसके बाद जून 2022 में शिवसेना में आंतरिक कलह हो गई। एकनाथ शिंदे 40 विधायकों के साथ में अलग हो गए। इसके बाद बीजेपी के समर्थन से उन्होंने राज्य में सरकार बनाई और सीएम बन गए।
