नई दिल्ली
दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी में काम करने वाले 12 हजार अस्थाई कर्मचारियों के लिए गुड न्यूज है। एमसीडी ने इन सभी कर्मचारियों को स्थायी करने का फैसला किया है। इसके लिए बजट में 800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एमसीडी के ये कर्मचारी लंबे समय से स्थायी होने की मांग कर रहे थे, अब इस फैसले से इन कर्मियों की बरसों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है।
केजरीवाल बोले- बरसों पुरानी मांग पूरी कर दी
केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘दिल्ली नगर निगम के 12,000 अस्थाई कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी। नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार ने बजट में ₹800 करोड़ का प्रावधान कर उनकी बरसों पुरानी मांग पूरी कर दी है। अब निगम के ये सभी कर्मचारी पक्के होंगे, यह सिर्फ आम आदमी पार्टी ही कर सकती थी। सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को ढेरों बधाइयां।’
दुर्गेश पाठक बोले- 12 हजार कर्मियों को होगा फायदा
आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक ने भी इस संबंध में एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, ‘बधाई दिल्ली नगर निगम के सभी अस्थाई कर्मचारियों को पक्का करने के लिए अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार ने बजट में 800 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इससे नगर निगम के लगभग 12 हजार कर्मचारियों को फायदा होगा। इन लोगों की बरसों पुरानी मांग थी कि इन्हें पक्का किया जाए। आज इनकी मांग को आम आदमी पार्टी की सरकार पूरा करने जा रही है।’
स्थायी होने से कर्मियों की नौकरी होगी सुरक्षित
एमसीडी के 12 हजार अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने से उनकी नौकरी सुरक्षित हो जाएगी। उन्हें बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी। ऐसे में ये फैसला उनके लिए बड़ी राहत की खबर से कम नहीं है। इसके लिए बजट में 800 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
