गृह मंत्री अमित शाह ने आज (21 मार्च) राज्यसभा में मोदी सरकार के 10 सालों के बड़े काम गिनाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 10 साल में तीन बड़े नासूरों को उखाड़ फेंका। ये तीन नासूर थे जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की समस्या, वामपंथी उग्रवाद और उत्तर पूर्व का उग्रवाद।
गृहमंत्री ने आगे कहा,’ 2014 में सरकार बनाते समय हम कई सारे लेगेसी इश्यू मिले थे। अगर तीन बड़े नासूरों की बात की जाए तो उनके कारण देश की सुरक्षा, विकास और सार्वभौमिकता खतरे में आ गई थी। ये तीनों नासूर पिछले चार दशकों से देश की सुरक्षा-व्यवस्था में खलल डालते रहे। इनके कारण ही विकास की गति को अवरुद्ध हो रही थी।’
वामपंथी उग्रवाद की बात करते हुए अमित शाह ने कहा,’ये तो तिरुपति से पशुपतिनाथ तक एक करने का सपना देखते थे. तीनों समस्याओं को एक साथ गिना जाए तो चार दशक में इनके कारण देश के 92 हजार नागरिक मारे गए। मोदी सरकार आने से पहले तक इनके उन्मूलन को कोशिश कभी नहीं की गई।’
