नई दिल्ली:
सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 की विस्फोटक शुरुआत की थी। पहले ही मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने 286 रन ठोक दिए। हालांकि उसके बाद टीम के प्रदर्शन का ग्राफ गिरने लगा। दूसरी जीत के लिए पैट कमिंस की टीम को 6 मैचों का इंतजार करना पड़ा। उसके बाद मुंबई के खिलाफ लगातार दो हार के बाद टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को उसके घर में हराया।
छुट्टी मनाने निकली सनराइजर्स
चेन्नई सुपर किंग्स पर जीत हासिल करने के बाद केकेआर की टीम छुट्टी माने निकल गई है। फ्रेंचाइजी के सोशल मीडिया हैंडल पर इसकी जानकारी दी गई। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम भारत के पड़ोसी देश मालदीप पहुंची है। टीम के दो मैचों के बीच एक हफ्ते का गैप है। 25 अप्रैल के बाद टीम को अब 2 मई को खेलना है। अगले मुकाबले में पैट कमिंस की टीम गुजराट टाइटंस का मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर करेगी।
बाहर होने का खतरा मंडरा रहा
सनराइजर्स हैदराबाद पर आईपीएल 2025 से बाहर होने का खतरा भी मंडरा रहा है। अभी 9 मैचों में 6 पॉइंट के साथ टीम टेबल में आठवें नंबर पर चल रही है। अभी टीम को 5 मुकाबले खेलने हैं। 16 पॉइंट होने पर प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की मानी जाती है। यानी हैदराबाद को अब अपने सभी मुकाबलों में जीत हासिल करनी है। 14 पॉइंट तक जाने पर भी प्लेऑफ में जगह बन सकता है लेकिन तब नेट रनरेट पर काफी कुछ निर्भर करेगा।
सिंगापुर गए थे पैट कमिंस
सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2025 में दूसरी बार लंबा ब्रेक मिला है। इससे पहले 17 अप्रैल के बाद टीम ने 23 अप्रैल को मुकाबला खेला था। 5 दिन के ब्रेक में टीम के कप्तान पैट कमिंस सिंगापुर गए थे। वहां उन्होंने पत्नी और बच्चे के साथ समय बिताया। उनकी पत्नी और बच्चा ऑस्ट्रेलिया चले गए जबकि कमिंस भारत वापस लौट आए। अब इस बार पूरी हैदराबाद की टीम छुट्टी मनाने निकली है।
