भोपाल ।
अयोध्या महोत्सव न्यास द्वारा आयोजित दस दिवसीय अयोध्या महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन फॉरएवर लॉन, अयोध्या में किया गया। इस महोत्सव के अंतर्गत प्रथम बार काव्य श्री चैंपियनशिप का आयोजन किया गया, जिसे साहित्य प्रेमियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का आयोजन हरीश कुमार श्रीवास्तव (अध्यक्ष, अयोध्या महोत्सव न्यास), अरुण कुमार द्विवेदी (संगठन महासचिव) के नेतृत्व तथा प्रसिद्ध कवि दुर्गेश पांडे “दुर्लभ” के मार्गदर्शन एवं संयोजन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बालकृष्ण पांडे (प्रवक्ता, भाजपा) एवं लोकप्रिय कवि श्री श्रीवास्तव रहे। इस काव्य प्रतियोगिता में भोपाल के सुपरिचित कवि एवं बीएचईएल से सेवा निवृत्त अधिकारी सुरेश सोनपुरे “अजनबी” को उनकी सराहनीय काव्य प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया। उनकी रचनाओं ने श्रोताओं एवं निर्णायकों पर गहरी छाप छोड़ी।
काव्य श्री चैंपियनशिप के निर्णायक मंडल में कृष्ण द्विवेदी, इंद्रजीत सिंह “अर्चक”, गुरु प्रसाद तिवारी एवं नीरज सिन्हा “नीर” शामिल रहे। अयोध्या महोत्सव में देश के विभिन्न प्रदेशों से कवि एवं साहित्यकारों ने सहभागिता की। मध्य प्रदेश से सुरेश जायसवाल “अहम” (सीहोर) के नेतृत्व में वृंदावन राय सरल सागर, सुरेश सोनपुरे “अजनबी” (भोपाल), राजकुमारी चौकसे (भोपाल), सुंदर जायसवाल (कांटाफोड़, देवास), कमलेश शर्मा “कमल” (सीहोर), अखिलेश “हठीला” (सीहोर), संदीप मेवाड़ा (सीहोर) एवं ईश्वर दयाल गोस्वामी (रहली) ने सहभागिता कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। यह आयोजन साहित्य, संस्कृति और काव्य के क्षेत्र में नवोदित एवं स्थापित रचनाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ।
