भोपाल
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट भौतिक और सामाजिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर मंगलवार को ओरिएंटल कॉलेज, भोपाल में आयोजित “विकसित भारत बजट” विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि यह बजट सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी है, जिसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि बजट में आत्मनिर्भर भारत की भावना को केंद्र में रखते हुए उद्योग, कृषि, युवा, महिला और गरीब वर्ग के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर आधारित है, जो देश के संतुलित और सतत विकास को सुनिश्चित करेगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे के विस्तार, रोजगार सृजन, ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है। यदि बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होता है तो भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में यह बजट अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रवीण ठकराल, गौरव ठकराल और सोनम ठकराल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Read Also :- केंद्र से नहीं मिला बजट, कैंसर-किडनी फेल्योर से जूझ रहे भोपाल गैस कांड के पीड़ित मरीज बेहाल
