भोपाल
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को अपना 61वां जन्मदिन सादगी और सेवा के संकल्प के साथ मनाया। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उन्होंने दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ अपना जन्मदिन साझा किया। दिन की शुरुआत डॉ. यादव ने पारंपरिक मूल्यों के साथ की, जहाँ उन्होंने सबसे पहले गौमाता को रोटी खिलाकर उनकी सेवा की। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी। भोपाल स्थित सीएम हाउस में सुबह से ही राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा, जिन्होंने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके यशस्वी जीवन की कामना की।
जन्मदिन के इस उत्सव में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने हाथों पर ‘शक्ति का आशीर्वाद’ लिखी मेहंदी लगवाकर मुख्यमंत्री को शुभकामना देने पहुंचीं। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे और कैबिनेट मंत्री कृष्णा गौर व प्रतिमा बागरी की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को हाथ से लिखी चिट्ठियां और स्वनिर्मित उपहारों के बॉक्स भेंट किए। बहनों के इस अपार स्नेह से अभिभूत होकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन वास्तव में प्रदेश की बहनों के आशीर्वाद का दिन है। उन्होंने रेखांकित किया कि सरकार के गठन के बाद से जिस तरह का समर्थन और प्रेम प्रदेश की महिलाओं से मिला है, उसने मध्य प्रदेश को पूरे देश के लिए एक आकर्षक और विकासशील राज्य के रूप में स्थापित किया है।
Read also :- कलेक्टर ने की जनसुनवाई में 150 आवेदनों पर सुनवाई, कई समस्याओं का मौके पर निराकरण
