भोपाल
राजधानी भोपाल में गैस सिलेंडर बुकिंग के नाम पर बढ़ते साइबर ठगी के मामलों को देखते हुए पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ने एडवायजरी जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार ठग फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक और APK फाइल के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं और बैंकिंग जानकारी हासिल कर खातों से पैसे उड़ा रहे हैं। जारी एडवायजरी में कहा गया है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट, आधिकारिक मोबाइल ऐप या ग्राहक सेवा नंबर के माध्यम से ही करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और अनजान स्रोत से भेजी गई APK फाइल कभी डाउनलोड न करें, क्योंकि इससे मोबाइल फोन हैक होने का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि किसी भी कॉल या मैसेज के माध्यम से अपना OTP, बैंक डिटेल, UPI पिन या पासवर्ड साझा न करें।
कई मामलों में ठग खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं और फिर ठगी को अंजाम देते हैं। यदि किसी को संदिग्ध कॉल या मैसेज प्राप्त होता है, तो तुरंत अपनी गैस एजेंसी और साइबर क्राइम ब्रांच को इसकी सूचना दें। साथ ही मोबाइल में केवल भरोसेमंद ऐप ही इंस्टॉल करें और उन्हें हमेशा Google Play Store या Apple App Store जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करें। साइबर क्राइम ब्रांच ने नागरिकों से जागरूक रहने और सुरक्षित रहने की अपील की है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479990636 या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है।
Read Also :- गैंगरेप मामला: पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, डीसीपी ने जताई नाराजगी
