भोपाल। मप्र शासन के गृह विभाग ने प्रदेश में कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारियों को संभागवार प्रभारी नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के बाद लिए गए निर्णयों के परिप्रेक्ष्य में यह आदेश जारी किया गया है। शासन के इस कदम का मुख्य उद्देश्य संभाग स्तर पर पुलिस गतिविधियों का बेहतर पर्यवेक्षण और समन्वय सुनिश्चित करना है।
जारी आदेश के अनुसार, महानिदेशक जेल वरुण कपूर को भोपाल संभाग, महानिदेशक आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ उपेंद्र कुमार जैन को उज्जैन और विशेष पुलिस महानिदेशक जेल जी. अखेतो सेमा को चंबल संभाग का प्रभार सौंपा गया है। इसी प्रकार, विशेष पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) पंकज कुमार श्रीवास्तव को जबलपुर संभाग की जिम्मेदारी दी गई है, उनके पास सतर्कता पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
अन्य नियुक्तियों में विशेष पुलिस महानिदेशक (रेल) रवि कुमार गुप्ता को नर्मदापुरम्, अनंत कुमार सिंह (प्रबंध संचालक, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन) को सागर और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजाबाबू सिंह को शहडोल संभाग का प्रभारी अधिकारी नामांकित किया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि ग्वालियर, रीवा और इंदौर संभाग के लिए पूर्व में नियुक्त अधिकारियों का प्रभार यथावत रहेगा। गृह विभाग के अवर सचिव अन्नू भलावी द्वारा हस्ताक्षरित यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
