भोपाल। मप्र की राजधानी भोपाल अब तकनीक और शिक्षा के नए केंद्र के रूप में उभरने वाली है। भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) ने शहर के भौंरी क्षेत्र में ‘नॉलेज एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिटी’ विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। लगभग 1500 हेक्टेयर में फैलने वाला यह प्रोजेक्ट भोपाल के अब तक के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए मास्टर प्लान तैयार करने हेतु निजी कंसल्टेंट की मदद ली जाएगी, जिसके लिए हाल ही में नई आरएफपी (RFP) जारी की गई है।
चयनित कंसल्टेंट न केवल प्रोजेक्ट का खाका खींचेगा, बल्कि फिजिबिलिटी सर्वे, विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी भी संभालेगा। यह ‘एजुसिटी’ आधुनिकता और पर्यावरण का अनूठा संगम होगी। योजना के मुताबिक, इसे पूरी तरह पर्यावरण फ्रेंडली बनाया जाएगा, जिसमें हरियाली और स्मार्ट मोबिलिटी (हरित परिवहन) पर विशेष जोर होगा। यहाँ देश-विदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों, रिसर्च इंस्टीट्यूट और स्टार्टअप्स के लिए एक विश्वस्तरीय ईकोसिस्टम तैयार किया जाएगा।
भौंरी क्षेत्र के चयन के पीछे इसकी रणनीतिक स्थिति एक बड़ा कारण है; यह क्षेत्र राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास स्थित है और भोपाल मास्टर प्लान का हिस्सा भी है। साथ ही, यहाँ पहले से मौजूद ट्रिपल आईटी (IIIT), निफ्ट (NIFT) और आईआईएसईआर (IISER) जैसे संस्थान इस योजना को मजबूती प्रदान करेंगे।
