रीवा। मप्र के रीवा जिले के त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के आमिर कोनी गांव में 7 साल की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृत बच्ची की पहचान रागिनी साकेत के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सौतेली मां ने उसे पीट‑पीटकर मार डाला। बच्ची के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं।
परिजनों के मुताबिक दोपहर में मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और शाम को अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। भाई पुष्पराज साकेत और रावेंद्र साकेत ने आरोप लगाया कि सौतेली मां अक्सर रागिनी को प्रताड़ित करती थी। वहीं बच्ची की दादी गोमती साकेत ने भी आरोप लगाया कि नातिन के पूरे शरीर पर चोट के निशान थे और उसे समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर त्योंथर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन डॉक्टरों की टीम से पोस्टमॉर्टम कराया है। फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। वहीं थाना प्रभारी को घटना की जानकारी न होने पर भी सवाल उठ रहे हैं।
