उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को उदयपुर के डबोक पहुंचे, जहां उन्होंने वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी के पिता स्व. मेघराज डांगी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने विधायक के निवास पर पहुंचकर दिवंगत मेघराज डांगी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह अपार कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। शोक व्यक्त करने के दौरान मुख्यमंत्री के साथ राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक श्रीचंद कृपलानी, ताराचंद जैन, फूल सिंह मीणा, चंद्रभान सिंह आक्या और पुष्कर डांगी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को नमन करते हुए डांगी परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
