नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को आ चुके हैं। बंगाल के इतिहास में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। BJP प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के मुताबिक नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा।
इसी दिन रवींद्र नाथ टैगोर की 165वीं जयंती है। दरअसल बांग्ला कैलेंडर के मुताबिक यह तिथि 25 वैशाख को होती है। जो आमतौर पर मई के दूसरे हफ्ते में पड़ती है। शपथग्रहण में कौन-कौन आएगा, CM कौन होगा, अभी इनका खुलासा नहीं हुआ है।
इधर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि इस्तीफा राज्य के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के ऑफिस भेजा गया है। विधानसभा चुनाव में 59 सीटें जीतने के बाद स्टालिन ने कहा कि DMK एक मजबूत विपक्षी पार्टी के तौर पर काम करेगी।
देश की 78% आबादी और 72% भूभाग पर अब भाजपा+ का राज
गंगासागर से कन्याकुमारी तक पांच राज्यों के चुनावी नतीजों ने भाजपा विरोधी राजनीति के बड़े ‘पॉवर सेंटर्स’ को बड़ा झटका दिया है। ममता बनर्जी और एमके स्टालिन भाजपा को चुनौती देने वाले प्रमुख चेहरे थे। बंगाल (42) और तमिलनाडु (39) लोकसभा की 81 सीटें तय करते हैं। इनके ढहने से इंडिया गठबंधन पिछड़ गया। केरल में कांग्रेस की जीत उसे राहत देती है, लेकिन यह बढ़त विपक्ष में नई खींचतान शुरू करेगी। अब विपक्ष की लड़ाई सत्ता की नहीं, प्रासंगिकता बचाने की हो गई है।
कांग्रेस नेता एके एंटनी बोले- CPI(M) की नीतियां और रवैया हार की वजह
केरलम में सीनियर कांग्रेस नेता एके एंटनी ने कहा कि मैं CPI(M) के पतन पर और चोट नहीं करना चाहता, लेकिन उसे अपनी गलत नीतियां और फैसले सुधारने होंगे। यह सोच कि उन्हें कोई सवाल नहीं करेगा, उनकी हार की बड़ी वजह बनी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम पर अभी कुछ नहीं कहूंगा, जो नाम सामने हैं वे सभी सक्षम नेता हैं। हाईकमान सभी की राय लेकर फैसला करेगा। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है।
मैं LDF के खत्म होने की कामना नहीं करता। अब सत्ता में आई UDF को जनता की भावनाओं को समझकर काम करना चाहिए। असली मालिक जनता है। CPI(M) की गलतियां UDF नहीं दोहराए। राज्य की आर्थिक स्थिति सुधारना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए और चुनाव में किए गए वादे पूरे करने होंगे।
बंगाल के 9 जिलों में TMC का खाता भी नहीं खुला
पश्चिम बंगाल के 23 में से 9 जिलों में तृणमूल कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई। इन इलाकों की सभी 68 सीटें BJP ने जीत लीं।
समिक भट्टाचार्य बोले- हमारा मकसद सिर्फ सरकार बदलना नहीं
बंगाल BJP के स्टेट प्रेसिडेंट समिक भट्टाचार्य ने कहा- हमारा मकसद सिर्फ एक सरकार या एक चीफ मिनिस्टर को बदलना नहीं था। हम इस पॉलिटिकल सोसाइटी को बदलना चाहते हैं, जो सोशली बहुत दबी हुई है। हमें सोशल प्लूरलिज्म वापस लाना है। यह डबल इंजन वाली सरकार है।
हमने मैनिफेस्टो में जो कुछ भी शामिल किया, उस पर पहले हमने आपस में चर्चा की। सेंटर से लेकर स्टेट तक सबने हिस्सा लिया। प्राइम मिनिस्टर ने भी इसे देखा, होम मिनिस्टर ने भी इसे देखा और होम मिनिस्टर ने रेजोल्यूशन लेटर अनाउंस किया। हमने जो कमिटमेंट किया था, उसकी गारंटी है कि वह होगा।
कुछ जगहों पर लोगों ने BJP का झंडा लेकर तोड़-फोड़ की। हम इसकी निंदा करते हैं। हम यह साफ करना चाहते हैं कि अगर कोई ऐसा करता है, तो हम उन्हें पार्टी से निकालने के लिए मजबूर होंगे।
वेस्ट बंगाल के लिए पूरे देश में सेलिब्रेशन हुए। अब हमारे सामने बहुत बड़ी चुनौतियां हैं। हम उनसे निपट रहे हैं। हम अपने वर्कर्स से कहना चाहते हैं कि वे शांति से रहें और किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाएं।
आज शाम 4 बजे ममता बनर्जी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी
पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। एक दिन पहले ममता ने भवानीपुर सीट से हारने के बाद वोट लूटने का आरोप लगाया था।
ममता ने कहा था- निर्वाचन आयोग और भाजपा गड़बड़ी कर रहे हैं। 100 से ज्यादा सीटें लूटी गईं हैं। मेरे एजेंटों को बूथ में घुसने नहीं दिया, मुझे रोका गया। पीटा गया।
