भोपाल। बुंदेलखंड के शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक महाराज छत्रसाल की 377वीं जयंती के उपलक्ष्य में राजधानी के नीलबाद रोड स्थित आर.डी. मेमोरियल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के सभागार में आगामी 12 मई को भव्य ‘बुंदेली महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। बुंदेलखंड विरासत बचाओ मंच के तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में दोपहर 2 से 5 बजे के बीच बुंदेलखंड की लोक संस्कृति, गायन और प्रतिभाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। समारोह में छतरपुर के विख्यात लोक गायक खनिज सिंह चौहान और नरसिंहपुर के सुप्रसिद्ध गायक श्री सुमित दुबे अपनी बुंदेली प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘महाराज छत्रसाल गौरव सम्मान’ समारोह होगा, जिसमें बुंदेलखंड का नाम विश्व पटल पर रोशन करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वाली हस्तियों में पद्मश्री कैलाश मड़वैया (ललितपुर), मरणोपरांत पद्मश्री भगवान दास रैकवार, प्रसिद्ध अभिनेता व फिल्मकार राजा बुंदेला, साहित्यकार बहादुर सिंह और इतिहासकार रमन तिवारी सहित चिकित्सा, खेल और कला क्षेत्र की कई दिग्गज प्रतिभाएं शामिल हैं। मंच के अध्यक्ष पी.एस. बुंदेला और संयोजक रमन तिवारी ने बताया कि इस गौरवशाली अवसर पर खेल जगत से कुमारी क्रांति गौड़ और दिव्यांग ओलंपिक खिलाड़ी मयंक ठाकुर के साथ-साथ शिक्षा, चिकित्सा और समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉ. श्रीकांत जैन, हेमंत चौहान और रजनीश सोनी जैसी विभूतियों को क्षेत्रीय मंत्रियों व विशिष्ट अतिथियों द्वारा विभूषित किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भोपाल में लगभग 4 से 7 लाख बुंदेलखंड वासी निवास करते हैं, जिन्हें अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के लिए इस महोत्सव में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में संरक्षक जीके पाठक, राजकुमार बाथम, अंकित द्विवेदी, एस.के. खरे और विनय व्यास सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है। संस्था ने समाज के सभी वर्गों से इस सांस्कृतिक महाकुंभ में शामिल होकर अपनी विरासत का सम्मान करने की अपील की है।
