भोपाल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आज दोपहर करीब 1:50 बजे 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया। इसके साथ ही भोपाल के 9 हजार 399 समेत मध्य प्रदेश के 80 हजार 454 विद्यार्थियों और देशभर के लाखों छात्रों का लंबे समय से चल रहा इंतजार समाप्त हो गया।
सीबीएसई ने रिजल्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ DigiLocker और UMANG एप पर भी उपलब्ध कराया है। छात्र अपने रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि की सहायता से लॉगिन कर अपनी मार्कशीट देख सकते हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जो विद्यार्थी एक या अधिक विषयों में सफल नहीं हो सके हैं, उन्हें कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। वहीं, अपने अंकों से असंतुष्ट छात्र री-इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका की कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
सीबीएसई ने इस बार भारी ट्रैफिक और तकनीकी परेशानी से बचने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी रिजल्ट उपलब्ध कराया है, ताकि विद्यार्थियों को आसानी से अपनी मार्कशीट मिल सके।
विद्यार्थियों और अभिभावकों में रिजल्ट घोषित होने के बाद उत्साह का माहौल देखा गया। कई स्कूलों में छात्र अपने परिणाम जानने के बाद खुशी मनाते नजर आए।
