भोपाल। राजधानी के बाग मुगालिया एक्सटेंशन क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ पर्यावरण और जनसुरक्षा को ताक पर रखकर करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दीपक नगर से विस्थापित होकर आए झुग्गी वासियों की आड़ में अब ‘झुग्गी माफिया’ पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
30 की जगह तान दीं 60 से अधिक झुग्गियाँ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 9 मई 2026 को जिला प्रशासन द्वारा दीपक नगर से आए 30 झुग्गी वासियों को बाग मुगालिया एक्सटेंशन श्मशान घाट के सामने, हाई टेंशन लाइन के नीचे हरे-भरे पेड़ों के बीच स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में अस्थाई रूप से भेजा गया था।
लेकिन इस पुनर्वास की आड़ में खेल शुरू हो गया। देखते ही देखते यहाँ खाली पड़ी रिक्त सरकारी भूमि पर लगभग 40 अतिरिक्त अवैध झुग्गियाँ खड़ी कर दी गईं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि माफियाओं द्वारा लहारपुर डैम के अंदर तक झुग्गियाँ बना दी गई हैं।

हाई टेंशन लाइन के नीचे मंडरा रहा है बड़ा खतरा
यह अवैध कब्जा न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान पहुँचा रहा है, बल्कि यहाँ रहने वाले लोगों की जान के साथ भी खिलवाड़ है। यह पूरा क्षेत्र ‘ग्रीन बेल्ट’ के अंतर्गत आता है और इसके ठीक ऊपर से ‘हाई टेंशन विद्युत लाइन’ गुजर रही है। ऐसे में यहाँ कभी भी कोई बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों की मांग
प्रशासन से अनुरोध है कि दीपक नगर से आए इन झुग्गी वासियों को ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ (PMAY) के अंतर्गत पक्के मकान देकर यहाँ से तुरंत स्थानांतरित किया जाए। इससे न केवल क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरण बचेगा, बल्कि हाई टेंशन लाइन के नीचे रह रहे इन लोगों का जीवन भी सुरक्षित हो सकेगा।”
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से इस मामले में तुरंत दखल देने और करोड़ों की सरकारी जमीन को भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त कराने की मांग की है।
