नई दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस के आगामी अवसर पर भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के कॉर्पोरेट कम्यूनिकेशन विभाग द्वारा बच्चों में रचनात्मकता और पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एक अनूठी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। “आर्ट फ्रॉम स्क्रैप – क्रिएटिंग ट्रेजर फ्रॉम ट्रैश” (कबाड़ से कलाकृतियाँ बनाना) थीम पर आधारित यह क्रिएटिविटी चैलेंज विशेष रूप से भेल कर्मचारियों के बच्चों और पोते-पोतियों/नाती-नातिनों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
कंपनी प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने घर के बच्चों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि वे रोजमर्रा के कचरे और बेकार पड़े सामान को खूबसूरत कलाकृतियों में बदलकर धरती के प्रति अपना प्रेम प्रदर्शित कर सकें। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, इसमें भेल के सभी कार्यरत कर्मचारियों के अधिकतम 12 वर्ष तक की आयु के बच्चे हिस्सा ले सकते हैं। भागीदारी की प्रक्रिया को बेहद सरल रखा गया है, जिसके तहत बच्चों को घर या आसपास से स्क्रैप (कबाड़) इकट्ठा करना होगा, उससे एक रचनात्मक कलाकृति तैयार करनी होगी और फिर उस कलाकृति की फोटो खींचकर उसके बारे में एक संक्षिप्त विवरण (डिस्क्रिप्शन) लिखना होगा। इस प्रतियोगिता में चुनी गई सबसे रचनात्मक और प्रभावशाली प्रविष्टियों (इंट्रीज) को भेल के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स और कंपनी की प्रतिष्ठित गृह पत्रिका ‘एकम’ में विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रविष्टियाँ भेजने की अंतिम तिथि 31 मई, 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टि के साथ बच्चे का नाम, आयु, कर्मचारी का नाम, भेल यूनिट का नाम और बच्चे की एक पासपोर्ट साइज फोटो ईमेल आईडी bhelcontest@gmail.com पर भेज सकते हैं। प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत प्रक्रिया, नियम और शर्तों की प्रति सर्कुलर के साथ संलग्न की गई है। किसी भी प्रकार की पूछताछ या अधिक जानकारी के लिए कर्मचारी कॉर्पोरेट कम्यूनिकेशन विभाग की प्रबंधक जया मित्रा से उनके फोन नंबर 011-66337363 या ईमेल jayamitra@bhel.in पर संपर्क कर सकते हैं।
