भोपाल। राजधानी के लिंक रोड नंबर-1 स्थित प्रकाश तरण पुष्कर (स्विमिंग पूल) में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। यहां शाम करीब 5 बजे स्विमिंग के अभ्यास के दौरान अचानक क्लोरीन गैस का रिसाव होने से वहां मौजूद चार बच्चों की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। गैस के प्रभाव के कारण बच्चों को सांस लेने में भारी तकलीफ और तेज खांसी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद परिजनों और वहां मौजूद महिलाओं ने मुस्तैदी दिखाते हुए बच्चों को तुरंत जयप्रकाश (जेपी) जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा दिए गए त्वरित प्राथमिक इलाज के बाद अब सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त तरण पुष्कर में करीब 20 से 25 बच्चे मौजूद थे। पीड़ित बच्ची आध्या जैन (15) के पिता सचिन जैन ने बताया कि जो बच्चे पानी के अंदर थे, गैस रिसाव के कारण अचानक उनका दम घुटने लगा और वे बेहोशी जैसी स्थिति में आ गए। वहीं, कॉरिडोर और पूल के बाहर बैठे बच्चे स्थिति को भांपते हुए तुरंत सुरक्षित बाहर निकल गए।
आध्या को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे करीब 20 मिनट तक लगातार तेज खांसी आती रही। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार और जरूरी चिकित्सकीय सलाह देने के बाद बच्चों को घर जाने की अनुमति दे दी है, हालांकि उनकी सेहत पर अगले 24 घंटे तक कड़ी नजर रखने (मॉनिटर करने) को कहा गया है।
