रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में वरिष्ठ नागरिकों की उचित देखभाल, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक जुड़ाव के लिए संचालित ‘सियान गुड़ी’ बुजुर्गों के जीवन में एक नई रोशनी बिखेर रही है। समाज कल्याण विभाग की इस महत्वाकांक्षी और संवेदनशील पहल के तहत जिले में अब तक 94 वरिष्ठ नागरिकों का सफल पंजीकरण किया जा चुका है। बुजुर्गों को शारीरिक कष्टों से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से इस केंद्र पर वर्तमान में 32 वृद्धजनों को प्रतिदिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में नियमित फिजियोथेरेपी की आधुनिक सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।
बुजुर्गों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए हाल ही में जिला अस्पताल की एक उच्च स्तरीय विशेषज्ञ टीम ने सियान गुड़ी और नशामुक्ति केंद्र का दौरा किया। इस टीम में चिकित्सा अधिकारी, मनोवैज्ञानिक, साइकेट्रिक नर्स और लैब तकनीशियन शामिल थे, जिन्होंने केंद्र के सभी हितग्राहियों का सघन स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक रक्त जांचें कीं। विशेषज्ञ टीम ने केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि ढलती उम्र में बुजुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए विशेष काउंसिलिंग की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श व दवाइयां भी उपलब्ध कराईं।
जशपुर स्थित सियान गुड़ी केंद्र में बुजुर्गों की दिनचर्या बेहद अनुशासित और आनंदमयी बनाई गई है। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से ही वरिष्ठ नागरिक यहां एकत्रित होकर विभिन्न मनोरंजक, सामाजिक और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। दिनभर की इन सकारात्मक गतिविधियों के बाद, शाम 6 बजे सभी पंजीकृत बुजुर्गों और केंद्र के कर्मचारियों की उपस्थिति में सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया जाता है। सुंदरकांड के इस सस्वर पाठ से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और मानसिक शांति के वातावरण से सराबोर हो जाता है, जो बुजुर्गों को अकेलापन दूर करने में बड़ी मदद दे रहा है।
