राज्यमंत्री कृष्णा गौर अयोध्या नगर क्षेत्र को देंगी डामरीकरण कार्यों की सौगात
भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 68 में विकास कार्यों को गति देने के लिए एक बड़े भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मध्य प्रदेश शासन की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर आज शाम 05:30 बजे मुख्य अतिथि के रूप में कुल 2.24 लाख (लगभग 2.24 करोड़) रुपये की लागत के विभिन्न क्षेत्रीय विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगी। यह कार्यक्रम इंद्रपुरी मंडल, गोविंदपुरा विधानसभा के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
क्षेत्रीय विकास योजना के तहत वार्ड 68 में मुख्य रूप से अयोध्या नगर की प्रमुख सड़कों के कायाकल्प का कार्य किया जाएगा। इसके अंतर्गत दो बड़े निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है अयोध्या नगर मुख्य मार्ग परशुराम चौराहे से एच सेक्टर एमपीईबी स्टेशन तक डामरीकरण का कार्य किया जाएगा, जिसकी कुल स्वीकृत लागत ₹1,65,55,350 है। इसके साथ ही अयोध्या नगर मुख्य मार्ग परशुराम चौराहे से दशहरा मैदान होते हुए डी एवं एफ सेक्टर मार्केट एवं जैन मंदिर आदि रोड तक डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा, जिसकी लागत ₹58,83,387 तय की गई है।
इन दोनों प्रमुख मार्गों के डामरीकरण की कुल लागत ₹2,24,38,737 है। इस विकास कार्य के पूरा होने से अयोध्या नगर और आसपास के रहवासियों को जर्जर सड़कों से मुक्ति मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम व सुरक्षित हो जाएगा। भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है, और कार्यक्रम की तैयारियों के लिए ‘इंद्रपुरी मंडल’ के पदाधिकारियों द्वारा स्वागत-वंदन की विशेष व्यवस्था की गई है।
