अरेरा कॉलोनी के ई-3 इलाके की घटना, खेलते-खेलते टंकी में गिरा बच्चा
भोपाल। राजधानी के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी (ई-3) में शुक्रवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पानी से भरी एक छोटी टंकी में डूबने से तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता ब्रजेश अहिरवार मूल रूप से सागर जिले के निवासी हैं। वे अरेरा कॉलोनी स्थित एक बंगले में काम करते हैं और अपने परिवार के साथ वहीं बने सर्वेंट क्वार्टर में रहते हैं।
बंगले के बाहर पानी जमा करने के लिए जमीन के पास एक छोटी टंकी बनाई गई थी, जो इस बड़े हादसे की वजह बन गई। शुक्रवार दोपहर मासूम लव अहिरवार वहीं आसपास खेल रहा था, जबकि उसके माता-पिता अपने काम में व्यस्त थे। जांच में सामने आया कि घटना से कुछ देर पहले तक लव की बड़ी बहन उसी टंकी में नहा रही थी। नहाने के बाद वह महज कुछ दूरी पर अपने कपड़े बदलने के लिए गई थी।
इसी बीच, अकेले खेल रहे मासूम लव का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पानी से भरी टंकी में जा गिरा। टंकी में पानी अधिक होने के कारण मासूम खुद को संभाल नहीं पाया और बाहर नहीं निकल सका। काफी देर तक जब बच्चा आसपास दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश करते हुए जब परिजन टंकी के पास पहुंचे, तो लव वहां पानी में बेसुध पड़ा मिला। आनन-फानन में परिजन बच्चे को लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर सबक देता है कि छोटे बच्चों के आसपास खुली टंकियां या जलस्रोत किस कदर जानलेवा साबित हो सकते हैं।
