भोपाल। अपना दल (सोनेलाल) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह विसेन ने मध्य प्रदेश इकाई की कमान संभाल ली है। राजधानी भोपाल में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने पार्टी में अपने 29 वर्षों के लंबे संगठनात्मक सफर को याद किया। विसेन ने सामाजिक न्याय के आंदोलन को और तेज करने का दृढ़ संकल्प जताते हुए कहा कि “मेरा सफर साल 1997 से शुरू हुआ था।
इस दौरान मैंने जिला युवा प्रभारी, युवा जिला अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सचिव, प्रदेश प्रवक्ता और युवा प्रदेश अध्यक्ष जैसे कई उतार-चढ़ाव भरे पदों की जिम्मेदारियों को निभाया है, जिसके बाद आज मैं प्रदेश अध्यक्ष की इस मुख्य भूमिका में हूं।” उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। विसेन ने आगे कहा कि अपना दल (एस) अपनी शुरुआत से ही जातिगत जनगणना और शोषितों-वंचितों के अन्य प्रमुख मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाने का काम करती आ रही है।
विसेन ने पार्टी सुप्रीमो अनुप्रिया पटेल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पिछड़े और वंचित वर्गों के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती के साथ उठाया है। उन्होंने पार्टी के मुख्य एजेंडे और मांगों को रेखांकित करते हुए कहा कि इनमें मुख्य रूप से देश में जातिगत जनगणना कराना, नीट (NEET), केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों में ओबीसी (OBC) छात्रों को 27 प्रतिशत आरक्षण का पूर्ण लाभ दिलाना शामिल है। इसके साथ ही ओबीसी की क्रीमीलेयर की आयु व आय सीमा को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये किए जाने, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाने, अलग से ओबीसी मंत्रालय के गठन, अखिल भारतीय न्यायिक सेवा के गठन और दिल्ली में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्रीय स्मारक बनाने जैसी अहम मांगें शामिल हैं।
