भोपाल। देश के बेरोजगार युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में शनिवार को राजधानी सहित देशभर में ‘प्रधानमंत्री रोजगार मेला’ बेहद उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े और देशभर के 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर देश के युवाओं को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में आ रहे युवाओं के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है और ये नियुक्तियां ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक मजबूत कदम हैं। अपने वर्चुअल संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज सरकारी सेवा में शामिल होने वाले युवा रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, डाक और शिक्षा जैसे बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जिम्मेदारी संभालकर देश की प्रगति के सीधे भागीदार बनेंगे। उन्होंने नए कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण और जनसेवा में अपना अमूल्य योगदान देंगे।
राजधानी भोपाल में पश्चिम मध्य रेलवे (भोपाल मंडल) द्वारा हबीबगंज स्थित रेलवे ऑडिटोरियम (नर्मदा रेलवे क्लब) में इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने अपने हाथों से भोपाल मंडल के 101 चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा के नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। इन चयनित युवाओं में 77 रेलवे के विभिन्न पदों के लिए और 34 अन्य केंद्रीय विभागों से जुड़े अभ्यर्थी शामिल थे। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रोजगार मेला देश के युवाओं के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक है। यह अनूठी पहल युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागी बना रही है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों को जीवन की इस नई पारी की बधाई देते हुए पूरी कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भावना और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
